देश

Jharkhand Shocker: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम में पत्थर से वार कर दो की मौत, पुलिस ने शुरू की जांच

झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में बीते 12 घंटे के दौरान पत्थर से वार कर हत्या की दो घटनाएं सामने आने से सनसनी फैल गई है. पहली घटना टोकलो थाना क्षेत्र के किमिरदा गांव की है. शनिवार सुबह कुछ ग्रामीण रोज की तरह लकड़ी चुनने जंगल पहुंचे थे. तभी उनकी नजर झाड़ियों के बीच पड़े एक महिला के शव पर पड़ी.

Jharkhand Shocker: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम में पत्थर से वार कर दो की मौत, पुलिस ने शुरू की जांच
(Photo Credits Pixabay)

चाईबासा, 20 सितंबर : झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में बीते 12 घंटे के दौरान पत्थर से वार कर हत्या की दो घटनाएं सामने आने से सनसनी फैल गई है. पहली घटना टोकलो थाना क्षेत्र के किमिरदा गांव की है. शनिवार सुबह कुछ ग्रामीण रोज की तरह लकड़ी चुनने जंगल पहुंचे थे. तभी उनकी नजर झाड़ियों के बीच पड़े एक महिला के शव पर पड़ी. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद किया. महिला के सिर पर बड़े पत्थर से हमला किया गया था. चेहरा इतनी बुरी तरह कुचल दिया गया था कि उसकी पहचान करना मुश्किल हो गया है. मृतका की उम्र करीब 35 से 40 साल बताई जा रही है. पहनावे से उसके विवाहित होने की संभावना जताई जा रही है.

टोकलो थाना प्रभारी परमेश्वर उरांव ने बताया कि प्राथमिक जांच में हत्या की घटना एक-दो दिन पहले की प्रतीत हो रही है. शव को पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल भेजा गया है. पुलिस महिला की शिनाख्त के प्रयास कर रही है और हत्या के पीछे की वजह की पड़ताल भी कर रही है. दूसरी वारदात चाईबासा मुफस्सिल थाना क्षेत्र के उलीहातु गांव की है. शुक्रवार शाम मनसा पूजा विसर्जन जुलूस समाप्त होने के बाद 45 वर्षीय विष्णु भौंज और उसका परिचित सचिन बिरूली शराब पीने के बाद बाइक से लौट रहे थे. इसी दौरान रास्ते में दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद छिड़ गया. विवाद इतना बढ़ा कि दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई. यह भी पढ़ें : UP: पहले बेटियां सुरक्षित नहीं थीं, आज खुद बना रही हैं अपना रास्ता; मुख्यमंत्री योगी

इसी दौरान गुस्से में आए सचिन ने पास पड़ा एक बड़ा पत्थर उठाया और विष्णु पर वार कर दिया. गंभीर चोट लगने से विष्णु सड़क पर लहूलुहान हो गया. ग्रामीणों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान शनिवार को उसकी मौत हो गई. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया और वारदात के बाद गांव में ही मौजूद आरोपी सचिन बिरूली को गिरफ्तार कर लिया.

(The above story first appeared on LatestLY on Sep 20, 2025 05:00 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).