Maharashtra Heavy Rains: महाराष्ट्र में भारी बारिश का हाहाकार जनजीवन हुआ अस्त-व्यस्त, 5 दिनों में 21 मौतें और 11 पशुओं की भी मौत हुई
महाराष्ट्र में पिछले कुछ दिनों से हो रही भारी बारिश का कहर लगातार जारी है. इस बीच राज्यभर में अलग-अलग जिलों से दुर्घटनाओं और हादसों की खबरें आ रही हैं. 15 अगस्त से लेकर 19 अगस्त तक के 5 दिनों में राज्य में बारिश से जुड़ी घटनाओं में 21 लोगों की मौत हुई है, जबकि 10 लोग घायल हुए. इसके अलावा 11 पशुओं की भी मौत हुई है.
मुंबई, 20 अगस्त : महाराष्ट्र में पिछले कुछ दिनों से हो रही भारी बारिश का कहर लगातार जारी है. इस बीच राज्यभर में अलग-अलग जिलों से दुर्घटनाओं और हादसों की खबरें आ रही हैं. 15 अगस्त से लेकर 19 अगस्त तक के 5 दिनों में राज्य में बारिश से जुड़ी घटनाओं में 21 लोगों की मौत हुई है, जबकि 10 लोग घायल हुए. इसके अलावा 11 पशुओं की भी मौत हुई है.
जिलावार जानकारी के अनुसार, नांदेड में 7 लोगों की मौत हुई है. मुंबई उपनगर और यवतमाल में दो-दो लोगों की जान गई. इसके अलावा नागपुर, वाशिम, बुलढाणा, अमरावती, भंडारा, अकोला, बीड, मुंबई सिटी, रायगढ़ और सिंधुदुर्ग में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई. लगभग 5 दिन से पूरे महाराष्ट्र में बारिश ने जनजीवन बुरी तरह प्रभावित किया है. भारी जलभराव, यातायात अवरोध और लोगों के घरों में पानी घुसने की घटनाओं से हालात और बिगड़ते जा रहे हैं. इस बीच मुंबई मोनोरेल सेवा भी बाधित हुई थी, जो अब दोबारा बहाल कर दी गई है. ठाणे जिले के भिवंडी शहर में बीते दो दिनों से हो रही मूसलधार बारिश ने हालात बिगाड़े हैं. 18 अगस्त को 147 मिमी और 19 अगस्त को दोपहर 3 बजे तक 126 मिमी बारिश दर्ज की गई. सबसे बुरी स्थिति खडिपार इलाके में देखने को मिली, जहां घरों के अंदर तक पानी घुस गया. यह भी पढ़ें : Attack On CM Rekha Gupta: आप’ ने दिल्ली सीएम पर हुए हमले की निंदा की, अरविंद केजरीवाल ने कहा- लोकतंत्र में हिंसा का कोई स्थान नहीं
इसके अलावा, मीरा-भायंदर वसई-विरार में भी बारिश ने हाल बेहाल किया है. पुलिस आयुक्तालय के अंतर्गत आने वाले तुलिंज पुलिस स्टेशन में भारी बारिश के कारण पानी दफ्तर तक पहुंच गया. नालासोपारा के अन्य इलाकों में भी जलभराव की स्थिति बनी हुई है पालघर जिले में लगातार बारिश के कारण नदियों और बांधों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है. सूर्या परियोजना के धामणी और कवडास बांधों से सूर्या नदी में 17,000 क्यूसेक पानी का विसर्जन शुरू हो गया है. साथ ही, मुंबई को पानी सप्लाई करने वाले मध्य वैतरणा, तानसा और मोडकसागर बांधों से भी पानी छोड़ा जा रहा है.
प्रशासन ने नदी किनारे के गांवों को सतर्क रहने का अलर्ट जारी किया है. एहतियात के तौर पर जिले के सभी स्कूल और कॉलेजों को छुट्टी दे दी गई है. महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने राज्य में हो रही भारी बारिश को लेकर जनता से सतर्क रहने की अपील की है. उन्होंने बताया कि सरकार लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए हैं, सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है और पुलिस अलर्ट पर है. उन्होंने यह भी बताया कि चेंबूर में मोनोरेल रेस्क्यू के तहत लोगों को सुरक्षित निकाला गया है. उपमुख्यमंत्री ने जनता से अफवाहों पर ध्यान न देने की भी अपील की.
(The above story first appeared on LatestLY on Aug 20, 2025 12:27 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

