देश

जिस बिहार ने देश और महात्मा गांधी को राह दिखाई, एनडीए सरकार ने नहीं दिया उस पर ध्यान: प्रियंका गांधी वाड्रा

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने गुरुवार को पूर्वी चंपारण जिले के गोविंदगंज विधानसभा में एक चुनावी जनसभा को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने एनडीए पर निशाना साधते हुए कहा कि यह वही चम्पारण की धरती है, जहां के लोगों ने महात्मा गांधी को रास्ता दिखाया.

जिस बिहार ने देश और महात्मा गांधी को राह दिखाई, एनडीए सरकार ने नहीं दिया उस पर ध्यान: प्रियंका गांधी वाड्रा

मोतिहारी, 6 नवंबर : कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा (Priyanka Gandhi Vadra) ने गुरुवार को पूर्वी चंपारण जिले के गोविंदगंज विधानसभा में एक चुनावी जनसभा को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने एनडीए पर निशाना साधते हुए कहा कि यह वही चम्पारण की धरती है, जहां के लोगों ने महात्मा गांधी को रास्ता दिखाया. इसी क्षेत्र से महात्मा गांधी ने सत्याग्रह शुरू किया, लेकिन आज इस क्षेत्र की परिस्थिति क्या है?

सांसद ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, ''हम कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता हैं, जिनको महात्मा गांधी जी ने रास्ता दिखाया और उन्हें रास्ता दिखाने वाले आपके पूर्वज थे. बिहार के लोगों को इस देश में अपनी भागीदारी समझनी पड़ेगी. आपको समझना पड़ेगा कि इस देश को बनाने वाले आपके पूर्वज हैं. जब यहां रास्ता तक नहीं था, उस समय आपके पूर्वज ब्रिटिश साम्राज्य से लड़ाई लड़ रहे थे. जब महात्मा गांधीजी को यह बात पता चली थी, तब उन्होंने प्रेरित होकर यहां से 'सत्याग्रह' शुरू किया था.' यह भी पढ़ें :Bihar Elections 2025 1st Phase Voting: दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता का दावा, बिहार में एनडीए को पिछली बार से ज्यादा मिलेंगी सीटें

उन्होंने कहा कि कल तक यहां के विकास तेजी से हो रहे थे, लेकिन आज स्थिति बदल गई है. आज यहां तीन साल में 27 पुल गिरे हैं. आज लोग रोजी-रोटी के लिए संघर्ष कर रहे हैं. आज यहां के लोग रोजी-रोटी के लिए पलायन कर रहे हैं. प्रियंका गांधी ने कहा कि भाजपा के बड़े नेता यहां आते हैं, लेकिन कभी यहां के लोगों से पलायन के कारणों के बारे में नहीं पूछते. आज यहां के शिक्षित लोग भी मजदूरी कर रहे हैं. पहले किसानी से भी काम चल जाता था, लेकिन इसके लिए सरकार से जो सहायता मिलनी चाहिए थी, वह नहीं मिल रही है. पहले इस इलाके में चीनी मिल होती थीं, लेकिन आज वे ठप हैं. आज यहां के किसानों को ईख बेचने के लिए यूपी जाना पड़ता है.

उन्होंने कहा कि आज उद्योग बंद हैं. छोटे व्यापार से भी कमाई हो जाती थी, लेकिन आज वह भी नहीं हो रही है. आज अब बचा क्या है? आज भ्रष्टाचार चरम पर है. छोटे कार्यों के लिए भी पैसा देना पड़ता है. आज कोई खुशी से त्योहार नहीं मनाता. अस्पतालों की स्थिति भी बदतर है.

उन्होंने कहा कि महिलाएं आज संघर्ष कर रही हैं, लेकिन किसी ने उन्हें नहीं समझा. आज जब चुनाव आया तो पैसे भेजे जा रहे हैं. 20 साल से यह सरकार चल रही है, लेकिन कभी रोजगार के लिए नहीं पूछा. बिहार के लोग आज भी देश का निर्माण कर रहे हैं, लेकिन सरकार ने कभी सम्मान नहीं दिया. भाजपा यहां के मुख्यमंत्री का भी सम्मान नहीं करती है. आज स्थिति यह है कि वे मंचों पर भी यहां के मुख्यमंत्री को नहीं आने देते. कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने लोगों का आह्वान करते हुए कहा कि आप ऐसी सरकार बनाएं जो आपके अधिकार के लिए सोचे.

(The above story first appeared on LatestLY on Nov 06, 2025 02:03 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).