Hindi Diwas 2019: भारत के अलावा दुनिया के इन देशों में बोली जाती है हिंदी, जानकर आपको भी होगा इस भाषा पर गर्व
हिंदी दिवस 2019 (Photo Credit: Pixabay)

Hindi Diwas 2019: भारत में हर साल 14 सितंबर को हिंदी दिवस (Hindi Diwas) मनाया जाता है, इसके अलावा हर साल 10 जनवरी को विश्व हिंदी दिवस (World Hindi Day) मनाया जाता है. हिंदी भारत की आधिकारिक भाषा होने के साथ-साथ संयुक्त अरब अमीरात की मान्यता प्राप्त अल्पसंख्यक भाषा है. हिंदी (Hindi) विश्व की तीसरी सबसे ज्यादा बोली जानेवाली भाषा है और जिन देशों में भारतीय मूल के नागरिक अधिक हैं उन देशों में बोलचाल के लिए हिंदी भाषा (Hindi Language) का इस्तेमाल किया जाता है. भारत में करीब 4.25 करोड़ लोगों की पहली भाषा हिंदी है और करीब 12 करोड़ लोग हिंदी का इस्तेमाल दूसरी भाषा के तौर पर करते हैं. इस बात में कोई दो राय नहीं है कि भारत में हिंदी बोलने वालों की संख्या बहुत अधिक है, इसलिए आजादी के महज दो साल बाद ही 14 सितंबर 1949 को संविधान सभा में एकमत से हिंदी को राजभाषा घोषित किया गया था.

भारत में अधिकांश लोग बोलचाल के लिए हिंदी भाषा का प्रयोग करते हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि भारत के अलावा दुनिया के कई ऐसे देश भी हैं जहां रहनेवाले लोग गर्व से हिंदी भाषा का इस्तेमाल करते हैं. चलिए जानते हैं भारत के अलावा दुनिया के वो कौन से देश हैं जहां हिंदी भाषा बोली जाती है.

1- नेपाल

नेपाल में लगभग 8 मिलियन नेपाली बोलचाल के लिए हिंदी भाषा का इस्तेमाल करते हैं. यहां हिंदी भाषी लोगों का दूसरा सबसे बड़ा समूह है. हालांकि यहां की ऑफिशियल भाषा नेपाली है, लेकिन यहां हिंदी के अलावा मैथिली और भोजपुरी भाषाएं भी बोली जाती हैं.

2- फिजी

दक्षिण हिंद महासागर के मेलानिशिया में बसे इस द्वीप देश में हिंदी को ऑफिशियल भाषा का दर्जा दिया गया है. यहां बोली जाने वाली हिंदी को फिजियन हिंदी या फिजियन हिंदुस्तानी भी कहते हैं. फिजी में बोली जाने हिंदी भाषा में उत्तर पूर्वी भारत की अवधी, भोजपुरी और अन्य बोलियों का संगम देखने को मिलता है. यह भी पढ़ें: Hindi Diwas 2019: आजादी के बाद हिंदी को मिला राजभाषा का राष्ट्रीय झुनझुना, जानिए हिंदी भाषा की संवैधानिक स्थिति

3- सूरीनाम

दक्षिण अमेरिका महाद्वीप के उत्तर में स्थित सूरीनाम एक ऐसा देश है जहां हिंदी भाषा का इस्तेमाल बोलचाल के लिए किया जाता है. यहां लोग भोजपुरी की एक बोली का इस्तेमाल बोलचाल के लिए करते हैं, जिसे सुरीनामी हिंदी कहा जाता है.

4- त्रिनिदाद और टोबैगो

त्रिनिदाद और टोबैगो गणराज्य कैरिबियाई सागर में स्थित पूरी तरह से द्वीपों पर स्थित देश है. यह देश दक्षिण कैरिबिया में वेनेजुएला के उत्तर-पूर्व में स्थित है. यहां अंग्रेजी ऑफिशियल भाषा है, लेकिन यहां लोग भोजपुरी और अवधी से मिलती हुई हिंदी का इस्तेमाल करते हैं, जिसे त्रिनिदादी हिंदी के नाम से जाना जाता है.

5- गुयाना

गयाना या गुयाना दक्षिण अमेरिका का एक देश है जो दक्षिण अमेरिका के उत्तर- मध्य भाग में स्थित है. यहां रहने वाले भारतीय मूल के लोग हिंदी भाषा का इस्तेमाल बोलचाल के लिए करते हैं. यहां बोली जानेवाली हिंदी भाषा को गुयानीज हिंदी कहते हैं जो भारतीय मूल के लोगों की प्रमुख भाषाओं में से एक है.

6- मॉरीशस

अफ्रीकी महाद्वीप तट के दक्षिणपूर्व में करीब 900 किलोमीटर की दूरी पर हिंद महासागर में और मेडागास्कर के पूर्व में स्थित द्वीप देश मॉरीशस में कई भारतीय भाषाएं बोली जाती हैं. यहां रहने वाले भारतीय मूल के लोग आमतौर पर बोलचाल के लिए हिंदी भाषा का इस्तेमाल करते हैं.

7- बांग्लादेश

वैसे तो पड़ोसी देश बांग्लादेश की ऑफिशियल भाषा बंग्ला है, लेकिन यहां रहने वाले लोग हिंदी भाषा का इस्तेमाल भी करते हैं. यहां बांग्ला के अलावा, हिंदी और इंग्लिश भाषाएं बोली जाती हैं.

8- साउथ अफ्रीका

साउथ अफ्रीका में भले ही अफ्रीकन भाषा का इस्तेमाल बड़े पैमाने पर किया जाता है, लेकिन यहां हिंदी का भी बोलबाला है. अफ्रीकन और अंग्रेजी यहां की ऑफिशियल भाषा है, लेकिन यहां हिंदी भाषा भी बोली जाती है.

9- सिंगापुर

सिंगापुर को एशिया का सबसे खूबसूरत देश माना जाता है. दक्षिण एशिया में मलेशिया और इंडोनेशिया के बीच स्थित इस देश को सिंहों का शहर कहा जाता है. इस देश की ऑफिशियल भाषा माले और अंग्रेजी है, लेकिन यहां तमिल, मेंड्रेन के साथ हिंदी भी बोली जाती है. यह भी पढ़ें: Hindi Diwas 2019: हिंदी हैं हम वतन है हिंदुस्तान हमारा... हिंदी दिवस के खास अवसर पर दें गरिमामय भाषण

10- संयुक्त राज्य अमेरिका

आपको जानकर हैरानी होगी, लेकिन यह सच है कि संयुक्त राज्य अमेरिका में हिंदी भाषियों की तादात बहुत ज्यादा है. यहां लगभग 650, 000 लोग हिंदी भाषा बोलते हैं. यह हिंदी भाषी लोगों के तीसरे सबसे बड़े समूह का घर माना जाता है. हालांकि अंग्रेजी भाषा का वर्चस्व होने की वजह से हिंदी बोलने वाले लोग इस भाषा का इस्तेमाल अपने घर पर करते हैं.

गौरतलब है कि भारत की आजादी के बाद नए राष्ट्र की आधिकारिक भाषा का मुद्दा काफी अहम था, क्योंकि भारत में सैकड़ों भाषाएं और हजारों बोलियां थीं. हालांकि काफी विचार विमर्श के बाद 14 सितंबर 1949 को संविधान सभा में देवनागरी लिपि में लिखी हिंदी को अंग्रेजी भाषा के साथ राष्ट्र की आधिकारिक भाषा के तौर पर चुना गया, जिसके बाद 14 सितंबर 1953 को पहला आधिकारिक हिंदी दिवस मनाया गया और तब से हर साल 14 सितंबर का दिन हिंदी भाषा को समर्पित किया जाता है.