देश

जम्मू-कश्मीर में तबाही! रामबन में बादल फटने से 3 की मौत, 100 से ज्यादा लोगों को किया गया रेस्क्यू

जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले के धर्मकुंड गांव में अचानक आई बाढ़ से 3 लोगों की मौत हो गई और एक व्यक्ति लापता है. भारी बारिश के कारण नाले का पानी गांव में घुस गया, जिससे 100 से अधिक घर बर्बाद हो गए और कई लोग फंस गए. रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है और प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है.

जम्मू-कश्मीर में तबाही! रामबन में बादल फटने से 3 की मौत, 100 से ज्यादा लोगों को किया गया रेस्क्यू

Ramban Flash Flood 2025: जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले के धर्मकुंड क्षेत्र में रविवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब अचानक आई बाढ़ ने पूरे इलाके को अपनी चपेट में ले लिया. भारी बारिश के चलते नालों में जलस्तर अचानक बढ़ गया और बाढ़ का पानी चेनाब पुल के पास धर्मकुंड गांव में घुस गया. इस प्राकृतिक आपदा में अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि एक व्यक्ति लापता बताया जा रहा है. कई घर भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं और दर्जनों लोग अपने घरों में फंसे हुए हैं.

प्रशासन के मुताबिक, बाढ़ का पानी गांव के भीतर घुसने से कम से कम 100 घर पूरी तरह तबाह हो चुके हैं जबकि 25 से 30 घरों को आंशिक नुकसान हुआ है. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है. अब तक करीब 90 से 100 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है.

रामबन के डिप्टी कमिश्नर बसीर-उल-हक चौधरी ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, "रामबन जिले में खराब मौसम और भारी बारिश के मद्देनज़र लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षा दिशानिर्देशों का पालन करने की सलाह दी जाती है. किसी भी आपात स्थिति में 24x7 जिला नियंत्रण कक्ष से 01998-295500 या 01998-266790 पर संपर्क करें. सूचित रहें, सुरक्षित रहें!"

बीजेपी नेता और केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने भी इस घटना पर दुख जताते हुए जानकारी दी कि रामबन जिले और उसके आसपास के इलाकों में रात भर तेज बारिश, भूस्खलन और हवाओं का कहर जारी रहा. इससे राष्ट्रीय राजमार्ग भी अवरुद्ध हो गया है और कई परिवारों को संपत्ति का नुकसान हुआ है.

डॉ. सिंह ने बताया कि वे उपायुक्त से लगातार संपर्क में हैं और प्रशासन की तत्परता की सराहना की. उन्होंने कहा, "जिला प्रशासन ने समय पर और त्वरित कार्रवाई की है, जिससे कई कीमती जानें बचाई जा सकीं. सभी आवश्यक राहत – वित्तीय और अन्य – प्रदान की जा रही है."

उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा, "कृपया घबराएं नहीं. हम सब मिलकर इस आपदा का सामना करेंगे. यदि आवश्यकता पड़ी तो सांसद निधि या निजी संसाधनों से भी हरसंभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी."

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 20, 2025 11:56 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).