क्रिकेट

Javed Akhtar Supports Mohammed Shami: क्रिकेटर मोहम्मद शमी के समर्थन में उतरे जावेद अख्तर, बोले- 'कट्टरपंथियों की परवाह मत करो'

मोहम्मद शमी इन दिनों एक विवाद में घिर गए हैं, जब वह आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के दौरान दुबई में खेले गए मैच में पानी पीते नजर आए.

Javed Akhtar Supports Mohammed Shami: क्रिकेटर मोहम्मद शमी के समर्थन में उतरे जावेद अख्तर, बोले- 'कट्टरपंथियों की परवाह मत करो'
Javed Akhtar Shami (Photo Credits: Instagram, X)

Javed Akhtar Supports Mohammed Shami: मोहम्मद शमी इन दिनों एक विवाद में घिर गए हैं, जब वह आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के दौरान दुबई में खेले गए मैच में पानी पीते नजर आए. रमज़ान के दौरान रोज़ा न रखने के कारण धार्मिक नेता मौलाना शहाबुद्दीन रज़वी बरेलवी ने उनकी आलोचना की. अब मशहूर गीतकार जावेद अख्तर ने इस मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रिया दी है और शमी का समर्थन किया है.

जावेद अख्तर का बयान

जावेद अख्तर ने अपने एक्स (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट पर लिखा, "शमी साहब, उन कट्टरपंथियों की परवाह मत कीजिए, जिन्हें आपके जलते दोपहर में क्रिकेट मैदान पर पानी पीने से कोई दिक्कत हो रही है. यह उनका कोई हक नहीं बनता. आप भारतीय टीम के महान खिलाड़ी हैं, जो हम सभी को गर्व महसूस करवा रहे हैं. मेरी शुभकामनाएं आपको और पूरी टीम को.”

शमी के साथ खड़े हुए जावेद अख्तर:

क्या है पूरा मामला?

ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रज़वी ने मोहम्मद शमी को "अपराधी" करार देते हुए कहा कि उनका रोजा न रखना शरीयत के खिलाफ है. उन्होंने कहा, "रोजा न रखकर उन्होंने अपराध किया है. उन्हें ऐसा नहीं करना चाहिए था. शरीयत की नजरों में वे गुनहगार हैं और उन्हें इसका जवाब खुदा को देना होगा."

हालांकि, शमी को कई लोगों का समर्थन भी मिल रहा है. उनके चचेरे भाई डॉ. मुमताज़ ने भी कहा कि कई पाकिस्तानी खिलाड़ी भी खेल के दौरान रोजा नहीं रखते हैं. उन्होंने कहा, "वह देश का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं. इस तरह के बयान देना शर्मनाक है. हम शमी से कहेंगे कि वे इन विवादों पर ध्यान न दें और अपने 9 मार्च के मैच पर फोकस करें."

क्रिकेट जगत से भी मिला समर्थन

महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) के प्रमुख रोहित पवार ने भी शमी का बचाव किया. वहीं, शमी ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल में 10 ओवर में 48 रन देकर 3 विकेट चटकाए और भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई. इस विवाद पर सोशल मीडिया पर भी बहस जारी है, लेकिन जावेद अख्तर समेत कई लोगों ने शमी का समर्थन किया और कहा कि खेल के दौरान खिलाड़ियों के लिए हाइड्रेशन जरूरी होता है.

(The above story first appeared on LatestLY on Mar 08, 2025 08:39 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).