एजेंसी न्यूज

Rajasthan: राजस्थान में बेमौसम बारिश से एसी, कूलर, मिट्टी के घड़े की बिक्री प्रभावित

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. (फोटो के साथ)

Rajasthan: राजस्थान में बेमौसम बारिश से एसी, कूलर, मिट्टी के घड़े की बिक्री प्रभावित
प्रतिकम्तक तस्वीर (Photo credits: Twitter/ANI)

(फोटो के साथ)

जयपुर, सात मई: राजस्थान में बेमौसम बारिश के चलते गर्मी के मौसम में तापमान में आई गिरावट के कारण अधिकतर लोग जहां राहत महसूस कर रहे हैं, वहीं एयर कंडीशनर (एसी) और कूलर बेचने वाले व्यापारी और मिट्टी के बर्तन बनाने वाले कुम्हार अपने-अपने उत्पादों की बिक्री के परवान पर चढ़ने की राह का इंतजार कर रहे हैं. यह भी पढ़ें: Cyclone Mocha: तबाही मचाने आ रहा है चक्रवात मोचा, इन राज्यों में दिखेगा असर; IMD ने जारी की चेतावनी

राजस्थान के अधिकतर हिस्सों में पिछले दो महीनों में सामान्य से कम तापमान दर्ज किया गया है. राज्य में एक के बाद एक पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते उत्तर-पश्चिम भारत में बेमौसम बारिश के कारण तापमान में उतार चढ़ाव जारी रहा, लेकिन अधिकांश जिलों में तापमान सामान्य से कम दर्ज किया गया.

बेमौसम सर्द हवाओं से कूलिंग उपकरणों की बिक्री पर असर पड़ा है. राजधानी जयपुर के बिजली उपकरणों के प्रमुख बाजार जयंती मार्केट के अध्यक्ष सचिन गुप्ता के अनुसार इस बार एयर कंडीशनर की बिक्री में पिछले साल की तुलना में 40 फीसदी और कूलर की बिक्री में 60 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है.

गुप्ता जो एयर कंडीशनर के वितरक भी हैं, ने बताया, ‘‘फरवरी में मौसम की शुरुआत अच्छी थी, लेकिन होली के तुरंत बाद, जब मौसम बदलना शुरू हुआ तो बिक्री धीमी होने लगी. मार्च और अप्रैल के दौरान बिक्री कम रही, क्योंकि तापमान 30-32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा.’’ उन्होंने कहा कि कंपनियां बिक्री को बढ़ावा देने और ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए ‘कैशबैक ऑफर’ सहित कई अन्य योजनाएं चला रही हैं.

कूलर बेचने वाले आशुतोष जोशी ने कहा कि पिछले साल बाजार में कूलर की कमी थी और इस साल भी ऐसी ही स्थिति रहने की उम्मीद है. उन्होंने कहा, ‘‘हालांकि इस सीजन में मार्च और अप्रैल माह हमारे लिए सुस्त रहा है. अब तापमान बढ़ना शुरू हो गया है और हमें बिक्री में तेजी आने की उम्मीद है.’’

तापमान में आई गिरावट के कारण कुम्हारों की कमाई पर भी असर पड़ा ह. गजसिंहपुरा के कुम्हार मुकेश प्रजापत ने बताया कि वह आमतौर पर फरवरी से जून तक लगभग 1,500 मिट्टी के बर्तन बेचते हैं, लेकिन इस साल अब तक केवल 150 ही बेच पाए हैं.

उन्होंने कहा कि ऐसा बारिश होने से तापमान में गिरावट के कारण हुआ है. प्रजापत की दुकान पर आने वाली ग्राहक बागेश्वरी देवी ने कहा कि उन्हें अब तक मिट्टी का घड़ा खरीदने की जरूरत महसूस नहीं हुई. उन्होंने कहा, ‘‘मार्च और अप्रैल में मौसम ठंडा होने के कारण, मुझे मिट्टी का घड़ा खरीदने की जरूरत महसूस नहीं हुई। अब जब तापमान बढ़ने लगा है, तो मैं इसे खरीदने आई हूं.’’

व्यापारी और कुम्हार जल्द बिक्री बढ़ने की उम्मीद कर सकते हैं क्योंकि मौसम विभाग ने आगामी दिनों में तापमान बढ़ने का पूर्वानुमान जताया है. मौसम कार्यालय ने अगले तीन दिनों में शुष्क मौसम और दिन के तापमान में वृद्धि का अनुमान जताया है.

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 07, 2023 01:46 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).