देश

YouTuber Jasbir Singh Arrested: पाकिस्तानी ISI के लिए जासूसी कर रहा था यूट्यूबर जसबीर सिंह, पंजाब पुलिस ने किया गिरफ्तार

पंजाब पुलिस ने रूपनगर के यूट्यूबर जसबीर सिंह को ISI के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया. वह पाकिस्तान से जुड़े कई संदिग्धों से संपर्क में था और तीन बार पाकिस्तान भी जा चुका है. अब पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है.

YouTuber Jasbir Singh Arrested: पाकिस्तानी ISI के लिए जासूसी कर रहा था यूट्यूबर जसबीर सिंह, पंजाब पुलिस ने किया गिरफ्तार

पंजाब पुलिस ने एक चौंकाने वाला खुलासा करते हुए यूट्यूबर जसबीर सिंह (YouTuber Jasbir Singh) को गिरफ्तार किया है. जसबीर सिंह का यूट्यूब चैनल “जान महल” के नाम से चलता है और वो पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के लिए जासूसी करने के आरोप में पकड़ा गया है.

कैसे हुआ खुलासा?

जांच में पता चला है कि जसबीर सिंह की नज़दीकी पाकिस्तान समर्थित जासूसी नेटवर्क से है. वह PIO शाकिर उर्फ जट्ट रंधावा से जुड़ा हुआ था, जो एक आतंकी संगठनों से जुड़े नेटवर्क का हिस्सा है. इसके अलावा, जसबीर का संपर्क हरियाणा की यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा से भी था, जिसे पहले ही जासूसी के आरोप में गिरफ्तार किया जा चुका है. वह पाकिस्तानी नागरिक एहसान-उर-रहीम उर्फ दानिश, जो भारत में पाक उच्चायोग का अधिकारी था और बाद में देश से निकाल दिया गया, के साथ भी संपर्क में था.

पाकिस्तान से था गहरा नाता

जसबीर सिंह 2020, 2021 और 2024 में तीन बार पाकिस्तान गया था. एक बार तो वह दिल्ली में आयोजित पाकिस्तान नेशनल डे के कार्यक्रम में भी शामिल हुआ, जहां उसे दानिश ने आमंत्रित किया था. वहां उसकी मुलाकात पाकिस्तानी सेना के अफसरों और व्लॉगर्स से भी हुई थी.

सबूत मिटाने की कोशिश

जब ज्योति मल्होत्रा की गिरफ्तारी हुई, तब जसबीर ने अपने फोन और डिवाइस से सभी चैट्स और कॉल्स के सबूत मिटाने की कोशिश की, ताकि वह पकड़ा न जाए. लेकिन पुलिस की पकड़ में आने से पहले वो ज्यादा देर तक बच नहीं सका.

क्या मिला उसके पास से? 

पुलिस ने जब जसबीर सिंह के इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस की जांच की, तो उसमें पाकिस्तान के कई मोबाइल नंबर मिले हैं. अब इन नंबरों की गहराई से फॉरेंसिक जांच की जा रही है.

क्या कर रही है पुलिस? 

SSOC, मोहाली में एफआईआर दर्ज की गई है और पुलिस अब पूरे जासूसी नेटवर्क को तोड़ने के लिए काम कर रही है. उन सभी लोगों की पहचान की जा रही है जो इस गुप्त नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं.

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 04, 2025 11:05 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).