देश

जम्मू-कश्मीर से लेकर हिमाचल प्रदेश में बारिश और बर्फबारी की बढ़ी संभावना

हिमाचल प्रदेश में अगले तीन दिनों तक सामान्य से लेकर भारी बर्फबारी हो सकती है. मौसम विभाग ने बुधवार को यह जानकारी दी. स्थानीय निवासियों और पर्यटकों को ऊंचे पहाड़ी इलाकों में नहीं जाने की सलाह दी गई है...

जम्मू-कश्मीर से लेकर हिमाचल प्रदेश में बारिश और बर्फबारी की बढ़ी संभावना
जम्मू-कश्मीरऔर हिमाचल प्रदेश (Photo Credit- PTI)

शिमला:  हिमाचल प्रदेश में अगले तीन दिनों तक सामान्य से लेकर भारी बर्फबारी हो सकती है. मौसम विभाग ने बुधवार को यह जानकारी दी. स्थानीय निवासियों और पर्यटकों को ऊंचे पहाड़ी इलाकों में नहीं जाने की सलाह दी गई है. मौसम विभाग के एक अधिकारी ने यहां आईएएनएस को बताया कि शिमला, कुल्लू, सिरमौर, चंबा, लाहौल एवं स्पीति और किन्नौर जिलों के ऊंचे पहाड़ी इलाकों में बड़े पैमाने पर बर्फबारी होने की संभावना है, जबकि निचले पहाड़ी इलाकों में 14 से 15 फरवरी तक ओलावृष्टि होने की संभावना है.

उन्होंने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ के इस क्षेत्र में 16 फरवरी तक सक्रिय रहने की संभावना है. उन्होंने कहा कि ज्यादातर पर्यटन स्थलों जैसे शिमला, नारकंडा, कुफरी, कल्पा, डलहौजी और मनाली में हल्की से लेकर सामान्य बर्फबारी होने की संभावना है. लाहौल और स्पीति जिले का केलांग शून्य से साच डिग्री सेल्सियस नीचे तापमान के साथ राज्य में सबसे ठंडा स्थान रहा.

शिमला का न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि किन्नौर जिले के कल्पा में यह शून्य से 2.6 डिग्री नीचे, मनाली में 2.6 डिग्री, डलहौजी में 6.3 डिग्री और धर्मशाला में 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. कल्पा में पिछले 24 घंटों में हल्की बर्फबारी हुई. वहीं, श्रीनगर की घाटी में रातभर आसमान पर छाई बदली से जम्मू-कश्मीर में जारी शीतलहर से बुधवार को राहत मिली है.

यह भी पढ़ें: जम्मू- कश्मीर में फिर हो सकती है बारिश और बर्फबारी, मौसम विभाग ने जाहिर की आशंका

वहीं, मौसम विभाग ने आज और गुरुवार को ताजा बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है. मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कहा, "आज और कल मैदानी इलाकों में बारिश और पहाड़ों पर बर्फबारी होने की संभावना है." श्रीनगर का न्यूनतम तापमान शून्य से 0.1 डिग्री सेल्सियस कम रहा, जबकि पहलगाम का शून्य से 0.3 डिग्री नीचे और गुलमर्ग का शून्य से 3 डिग्री नीचे दर्ज किया गया.

लद्दाख में, लेह का तापमान शून्य से 6.3 डिग्री नीचे, कारगिल का शून्य से 17.2 डिग्री नीचे और द्रास का शून्य से 9.3 डिग्री नीचे दर्ज किया गया. जम्मू शहर का तापमान 11.1 डिग्री, कटरा का 11.2 डिग्री, बटोट का 4.1 डिग्री, बनिहाल का 2.7 डिग्री और भदरवाह का 1.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

(The above story first appeared on LatestLY on Feb 13, 2019 12:05 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).