बारिश के दिनों में अक्सर बढ़े-बूढ़े और डॉक्टर स्ट्रीट फूड्स से दूर रहने की हिदायत देते हैं, उनके अनुसार ये हमारी सेहत को नुकसान पहुंचा सकते हैं. यकीनन उनकी हिदायत को नकारा नहीं जा सकता, क्योंकि इन दिनों बाजार में पिज्जा, बर्गर, नूडल्स, कचौरी, पुच्का, मोमोज, चाट समोसे एवं चाइनीज डिशेज के ठेलों पर भरमार रहती है. ये भले ही स्वादिष्ट और जायकेदार हो, लेकिन हमारी सेहत के लिए हानिकारक साबित हो सकते हैं. लेकिन सभी स्ट्रीट फूड्स नुकसानदेह हो, यह जरूरी नहीं है, यहां हम ऐसे ही 7 स्ट्रीट फूड्स के बारे में बता रहे हैं, जो सेहत और स्वाद दोनों का बेहतर संतुलन होते हैं.
भेल पूरी: यह मूलतः मुंबई का लोकप्रिय एवं स्वादिष्ट खाद्य है. इसमें मुरमुरे (लाई), उबले आलू, टमाटर, नींबू, थोड़ी सी इमली, कच्चा आम, आदि से बनाया जाता है मुरमुरे में कैलोरी कम होती है, जबकि सब्जियां और मसाले अपने आप में पौष्टिक होते हैं. झटपट बनने वाला कुरकुरा, सेहतमंद स्ट्रीट फूड है, इसे खाने से डायटीशियन भी मना नहीं करते. यह भी पढ़ें : Eyesight & Healthy Foods: आंखों के स्वास्थ्य के लिए अपने आहार में शामिल करें ये 5 सर्वोत्तम खाद्य पदार्थ!
चना चाट: छोले प्रोटीन और फाइबर का अच्छा स्रोत हैं. इसमें थोड़े मसाले, टमाटर, प्याज, खीरा और मिर्च डालकर अपनी पसंद की चाट बनाएं. यह स्वादिष्ट भी होंगे और पौष्टिक भी.
मक्के का भुट्टा: नींबू और नमक लगे गरमा-गरम भुट्टे का टेस्ट बस बरसात के दिनों में ही मिलता है. कच्चे कोयले पर पके ये भुट्टे राह चलते खाने पीने के लिए बेहतरीन स्ट्रीट फूड है. इसे आंच पर भूनकर नींबू और नमक मिलाकर खाया जाता है. मक्के में फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट का अच्छा स्रोत होता है, और यह आपको बिना किसी अपराध बोध के स्ट्रीट फ़ूड का आनंद देता है.
इडली: मुलायम, फूली हुई और पूरी तरह से उबली दक्षिण भारतीय डिश इडली मूलतः चावल और उड़द दाल के खमीर उठे हुए घोल से बनता है. इसमें कैलोरी कम होती है, लेकिन फाइबर भरपूर होता है. यह पेट के लिए बहुत अच्छा होता है.
ताजे नारियल के टुकड़े: सिर्फ़ नारियल पानी ही नहीं, बेचने वाले अखबार में लिपटे नारियल के स्लाइस भी बेचते हैं. जब भूख लगे और ज्यादा खाने का मन न हो, तो एक या दो स्लाइस खाना अच्छा विकल्प हो सकता है. यह पाचन में भी मदद कर सकता है.
फ्रूट चाट: दिल्ली, महानगरों की व्यस्त सड़कों पर अकसर फलों के चाट या सलाद मिल जाएंगे. आप चाहे तो एक ही फल अथवा केला, तरबूज, सेब, अमरूद आदि के मिश्रित चाट का सेवन कर सकते हैं. इसमें आपको फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर एक झटपट और साफ-सुथरा नाश्ता मिल जाएगा. इसमें नींबू रस और चाट मसाला इसके स्वाद को बढ़ा देते हैं.
उबले अंडे: उबले अंडे कितने स्वास्थ्यवर्धक होते हैं, इसके लिए किसी सर्टिफिकेट्स की जरूरत नहीं. स्ट्रीट फूड का यह बेहतरीन खाद्य हरी धनिया, चटनी, काली मिर्च पाउडर, और कटा प्याज के साथ मिलकर गजब का स्वादिष्ट बन जाता है, जहां तक सेहत की बात है तो अंडे में उच्च क्वालिटी का प्रोटीन होता है.
उपरोक्त स्ट्रीट फूड स्वादिष्ट और जायकेदार होती है, लेकिन यह सेहत के लिए तभी कारगर होगी, जब इसे बनाते समय बर्तन और हाथ स्वच्छ हों. बनाने वाली हाथों पर ग्लव्स पहना हो.













QuickLY