कोरोना से जंग: झारखंड में तंबाकू पर लगा बैन, सार्वजनिक स्थलों पर थूकने पर होगी कानूनी कार्रवाई
देश में कोरोना के मरीजों के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है. जो केंद्र और राज्य की सरकारों के लिए बेहद चिंता का विषय बन गई हैं. यही कारण है कि राज्य सरकारों ने कोरोना से निपटने के लिए कई अहम फैसले लिए हैं. इसी कड़ी में झारखंड की सरकार ने कोरोना वायरस के बढ़ते हुए मामलों को देखते हुए राज्य में सार्वजनिक स्थानों पर सभी तरह के तंबाकू उत्पादों के सेवन पर प्रतिबंध लगा दिया है. राज्य सरकार के अनुसार तंबाकू, सिगरेट के सेवन और सार्वजनिक स्थानों पर थूकने से कोरोना वायरस के संक्रमण का खतरा अधिक बढ़ जाता है. जिसके चलते राज्य सरकार ने यह फैसला लिया है. नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सरकार ने कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है. राज्य सरकार के इस फैसले के बाद अब सार्वजनिक स्थानों पर पान, गुटखा, तंबाकू के सेवन पर प्रतिबंध रहेगा.