दिल्ली-NCR समेत उत्तर भारत में बदला मौसम का मिजाज, राजधानी में बारिश के बाद लगा ट्रैफिक जाम
उत्तर भारत समेत दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में तेज हवा के साथ बूंदाबूंदी हुई. जिसके बाद सूबे में अचानक मौसम का मिजाज बदल गया है. नोएडा, गाजियाबाद, लखनऊ, जयपुर में भी कल रात को रूक रूक कर धीमी बारिश होती रही. वहीं सुबह का मौसम भी बदला-बदला नजर आया. वहीं भारतीय मौसम विभाग के अनुसार अगले 2 घंटों के दौरान दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. वहीं गुरुवार की बात करें तो सुबह 8:30 बजे न्यूनतम तापमान 14.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री ज्यादा था. जबकि आर्द्रता का स्तर 88 प्रतिशत दर्ज किया गया था. सफदरजंग वेधशाला में 4.2 मिलीमीटर, पालम वेधशाला में 5.6 मिमी, लोधी रोड क्षेत्र में 3.6 मिमी, रिज क्षेत्र 7.7 मिमी और आया नगर वेधशाला 3 मिमी बारिश दर्ज की गई थी.