ट्रंप की भारत यात्रा: गुजरात के सीएम विजय रूपाणी का बड़ा बयान, कहा- साबरमती का दौरा करेंगे अमेरिकी राष्ट्रपति
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप फरवरी में अपनी भारत यात्रा के दौरान साबरमती तट पर जाएंगे. राज्य के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने बुधवार को यह कहा. मुख्यमंत्री ने उत्तर दिल्ली के शास्त्री नगर में एक चुनाव सभा को संबोधित करते हुए यह कहा. उन्होंने कहा, समूचे एशिया में साबरमती नदी सबसे साफ नदी बन गई है, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुनिश्चित किया. जापान और इजराइल के प्रमुख नेताओं ने भी नदी तट का दौरा किया और इसे देख कर दंग रह गए. उन्होंने कहा, अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप भी फरवरी में (भारत) आएंगे और वह नदी तट पर जाएंगे. इस महीने की शुरूआत में सरकारी सूत्रों ने कहा था कि भारतीय और अमेरिकी अधिकारी ट्रंप की भारत यात्रा की तारीखों को अंतिम रूप देने के लिए बातचीत कर रहे हैं. ट्रंप की दो दिवसीय भारत यात्रा 24 से 26 फरवरी के बीच हो सकती है.