वायदा कारोबार में भाव टूटने से सरसों किसान को नुकसान, पाम तेल में सुधार
बाजार सूत्रों ने बताया कि जयपुर के वायदा कारोबार में सरसों के जुलाई अनुबंध का भाव 4,425 रुपये क्विन्टल के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) से काफी कम यानी 4,155 बोला जा रहा है। इस पर कंडीशन के तहत प्रति क्विन्टल तेल पर 400 रुपये की कटौती, लगभग 85 रुपये का वारदाना खर्च, पांच से छह प्रतिशत का मंडी शुल्क व अन्य खर्चे, राजस्थान में बहस्पतिवार से लगाये गये दो प्रतिशत के कृषक कल्याण शुल्क आदि को मिलाकर देखा जाये तो किसानों को 3,450 रुपये क्विन्टल का भाव प्राप्त होता है। उन्होंने बताया कि वायदा कारोबार में विदेशी कंपनियां स्थानीय बड़े कारोबारियों के साथ मिलकर सरसों के भाव तोड़ रही हैं जिससे सरसों बिक्री के मौसम में किसान परेशान हैं।