मैं पूरी तरह से स्वस्थ हूं, किसी भी बीमारी से पीड़ित नहीं : अमित शाह
गृह मंत्री ने बयान जारी कर कहा कि पिछले कुछ दिनों से ‘‘कुछ दोस्त’’ उनके स्वास्थ्य के बारे में अफवाह फैला रहे थे और ‘‘कुछ लोगों ने ट्वीट के माध्यम से मेरे लिए मौत की कामना भी की थी।’’
नयी दिल्ली, नौ मई केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को कहा कि वह ‘‘पूरी तरह स्वस्थ’’ हैं और किसी बीमारी से पीड़ित नहीं हैं।
गृह मंत्री ने बयान जारी कर कहा कि पिछले कुछ दिनों से ‘‘कुछ दोस्त’’ उनके स्वास्थ्य के बारे में अफवाह फैला रहे थे और ‘‘कुछ लोगों ने ट्वीट के माध्यम से मेरे लिए मौत की कामना भी की थी।’’
उन्होंने ट्वीटर पर बयान साझा करते हुए कहा, ‘‘मैं पूर्ण रूप से स्वस्थ हूं और मुझे कोई बीमारी नहीं है।’’
शाह ने कहा कि देश वर्तमान में कोरोना वायरस महामारी से जूझ रहा है और देश के गृह मंत्री के तौर पर वह देर रात तक काम करने में व्यस्त रहते हैं और इसलिए वह पहले इस तरह की अफवाहों पर ध्यान नहीं दे सके।
उन्होंने कहा, ‘‘जब मुझे इस बारे में पता चला तो मैंने सोचा कि अफवाह फैलाने वाले इस तरह के अवास्तविक विचारों से खुश होते रहें और इसलिए मैंने कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया।’’
शाह ने कहा कि पिछले दो दिनों से भाजपा के लाखों कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों ने चिंताएं जताईं और वह उनकी चिंताओं की अनदेखी नहीं कर सके।
उन्होंने कहा, ‘‘इसलिए मैं स्पष्ट करना चाहता हूं कि मैं पूरी तरह स्वस्थ हूं और किसी भी बीमारी से ग्रस्त नहीं हूं।’’
शाह ने कहा कि हिंदू मान्यताओं के मुताबिक इस तरह की अफवाहों से व्यक्ति और सेहतमंद होता है और वह अफवाह फैलाने वालों से उम्मीद करते हैं कि इन सबों को छोड़कर अपना काम करें और उन्हें अपने काम पर ध्यान देने दें।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों के प्रति आभार जताता हूं कि उन्होंने मेरे स्वास्थ्य की चिंता जताई और इस बारे में पूछा। मैं उन लोगों को धन्यवाद देता हूं जिन्होंने अफवाह फैलाई है और कहना चाहता हूं कि मैं उन लोगों के बारे में बुरा नहीं सोचता।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 09, 2020 06:31 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

