एचएलएल लाइफकेयर ने एक लाख से अधिक चिकित्सा उपकरणों की निविदा जारी की
कंपनी ने एक बयान में कहा, ‘‘निविदा में वायरल ट्रांसपोर्ट मीडिया की 40 हजार इकाइयों, आरएनए निकालने वाले 33 हजार किट और कॉम्बो आरटी-पीसीआर कोविड-19 जांच की 29 हजार इकाइयों के लिये बोलियां मंगायी गयी हैं।’’
नयी दिल्ली, नौ मई स्वास्थ्य एवं चिकित्सा क्षेत्र की सरकारी कंपनी एचएलएल लाइफकेयर ने शनिवार को कहा कि उसकी सहयोगी इकाई एचएलएल इंफ्रा टेक सर्विसेज ने भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) की ओर से कोरोना वायरस के संक्रमण की जांच से संबंधित चिकित्सा उपकरणों की एक लाख से अधिक इकाइयों की निविदा जारी की है।
कंपनी ने एक बयान में कहा, ‘‘निविदा में वायरल ट्रांसपोर्ट मीडिया की 40 हजार इकाइयों, आरएनए निकालने वाले 33 हजार किट और कॉम्बो आरटी-पीसीआर कोविड-19 जांच की 29 हजार इकाइयों के लिये बोलियां मंगायी गयी हैं।’’
कंपनी ने कहा कि निविदा के लिये बोली लगाने की अंतिम तिथि 10 मई है।
कंपनी ने कहा, ‘‘वायरल ट्रांसपोर्ट मीडिया का इस्तेमाल जांच के लिये जमा किये गये नमूनों को लाने व ले जाने में किया जाता है। आरएनए निकालने वाले किट का इस्तेमाल आरएनए जमा करने में किया जाता है। आरएनए नमूने में मौजूद वायरस की एकल शाखा जेनेटिक सामग्री होती है। इसे रिवर्स ट्रांसक्राइब्ड कर डीएनए में बदला जाता है। कॉम्बो आरटी पीसीआर जांच कोविड-19 के संक्रमण की पहचान करने में श्रेष्ठ गुणवत्ता वाली जांच साबित हुई है।’’
एचएलएल लाइफकेयर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के तहत आने वाले अस्पतालों तथा चिकित्सा संगठनों के लिये सामानों की खरीद करने वाली इकाई है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 09, 2020 06:57 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

