एजेंसी न्यूज

इंग्लैंड में लोगों के लिए 15 जून से खुलेंगे पूजा स्थल, नए दिशानिर्देश किए गए जारी

कोरोना वायरस के कारण लगाए गए लॉकडाउन में ढील दिए जाने के बीच इंग्लैंड में 15 जून से पूजा स्थल लोगों के लिए खोल दिए जाएंगे. लेकिन इस बात पर जोर दिया जाएगा कि ऐसे स्थानों में लोगों की भीड़ एकत्र नहीं हो सके. ब्रिटेन के सामुदायिक मामलों के मंत्री रॉबर्ट जेनरिक ने रविवार को इसकी जानकारी दी.

इंग्लैंड में लोगों के लिए 15 जून से खुलेंगे पूजा स्थल, नए दिशानिर्देश किए गए जारी
पूजा स्थल/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: Facebook/Pixabay)

लंदन, 7 जून: कोरोना वायरस (Coronavirus) के कारण लगाए गए लॉकडाउन में ढील दिए जाने के बीच इंग्लैंड में 15 जून से पूजा स्थल लोगों के लिए खोल दिए जाएंगे. लेकिन इस बात पर जोर दिया जाएगा कि ऐसे स्थानों में लोगों की भीड़ एकत्र नहीं हो सके. ब्रिटेन के सामुदायिक मामलों के मंत्री रॉबर्ट जेनरिक ने रविवार को इसकी जानकारी दी. यह निर्णय सरकार और प्रमुख धर्मों के प्रतिनिधियों के बीच हुयी बातचीत के बाद लिया गया. पूजा स्थलों में सामुदायिक कार्यक्रमों की अनुमति नहीं दी जाएगी.

प्रार्थना सभाओं, कीर्तन, सामूहिक रूप से पूजा आदि की अनुमति नहीं दी गयी है ताकि बड़ी संख्या में लोगों को एक स्थान पर एकत्र होने से रोका जा सके और सामाजिक दूरी कायम रह सके. जेनरिक ने कहा कि सभी धर्मों के लोगों ने काफी धैर्य दिखाया. उन्होंने इस क्रम में हाल ही में संपन्न ईस्टर, रमज़ान या वैसाखी आदि का भी जिक्र किया जिसे लोगों ने अपने मित्रों और संबंधियों के साथ पारंपरिक रूप से नहीं मनाया.

यह भी पढ़ें: Unlock 1: इबादत के लिए कल से खुलेंगे मस्जिद, बेंगलुरु के जामिया मस्जिद में किए गए खास इंतजाम, बुजुर्गों व बच्चों को अंदर जाने की इजाजत नहीं

उन्होंने कहा कि हम वायरस को नियंत्रित करने में सफल रहे हैं, इसलिए हम सीमित रूप से पूजा स्थलों को खोलने की दिशा में बढ़ रहे हैं. मंदिरों, गुरुद्वारों, चर्चों, मस्जिदों और पूजा के अन्य स्थानों को स्वयं ही आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या का प्रबंधन करना होगा.

इस बीच ब्रिटिश सरकार ने कहा है कि इंग्लैंड में पूजा स्थलों को सीमित रूप में फिर से खोलने के लिए आने वाले दिनों में नए दिशानिर्देश जारी किए जाएंगे. इसमें सामुदायिक स्थानों की पूरी तरह से सफाई, प्रवेश और निकास बिंदुओं पर हाथों की सफाई तथा श्रद्धालुओं को निजी उपयोग वाला सामान खुद ही लाने पर जोर दिया जाएगा.

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 07, 2020 04:08 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).