देश की खबरें | भारत के कई हिस्सों में भीषण गर्मी से सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. देश के कई हिस्सों में रविवार को भीषण गर्मी के कारण सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया और दक्षिण पश्चिम दिल्ली के नजफगढ़ में तापमान 47.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो इस मौसम में अब तक देश में सबसे अधिक है।
नयी दिल्ली, 19 मई देश के कई हिस्सों में रविवार को भीषण गर्मी के कारण सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया और दक्षिण पश्चिम दिल्ली के नजफगढ़ में तापमान 47.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो इस मौसम में अब तक देश में सबसे अधिक है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, गुजरात और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में भीषण गर्मी की जानकारी दी है। यहां तक कि हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी इलाके भी भीषण गर्मी से जूझ रहे हैं।
धर्मशाला में अधिकतम तापमान 36 डिग्री, ऊना में 44.4 डिग्री, बिलासपुर में 42.4 डिग्री, सोलन में 36.6 डिग्री और कांगड़ा में 40 डिग्री तक पहुंच गया।
मौसम कार्यालय ने दिल्ली, चंडीगढ़, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी कर "संवेदनशील लोगों की अत्यधिक देखभाल" की आवश्यकता पर जोर दिया है। उत्तर प्रदेश, बिहार और गुजरात के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है, जिसमें शिशुओं, बुजुर्गों और पुरानी बीमारियों से ग्रस्त लोगों समेत संवेदनशील व्यक्तियों की "उच्च स्वास्थ्य देखभाल" पर जोर दिया गया है।
भारत में कम से कम आठ स्थानों पर पारा 47 डिग्री सेल्सियस या उससे ज्यादा दर्ज किया गया, नजफगढ़ में तापमान 47.8 डिग्री तक पहुंच गया, जिससे यह पिछले तीन दिन में दूसरी बार देश का सबसे गर्म स्थान बन गया।
राष्ट्रीय राजधानी में पीतमपुरा में 47 डिग्री सेल्सियस और मुंगेशपुर में 47.7 डिग्री तापमान दर्ज किया गया, जो साल के इस समय इन क्षेत्रों के सामान्य तापमान से कम से कम सात डिग्री अधिक है।
हवाईअड्डा स्थल मौसम डेटा के एक नए विश्लेषण के अनुसार, दिल्ली में पिछले 10 वर्ष में 1,557 दिन (लगभग 43 प्रतिशत) तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया गया है।
‘इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट फॉर एनवायरमेंट एंड डेवलपमेंट’ (आईआईईडी) के अनुसार घनी आबादी वाले शहर दिल्ली में 2004 से 2013 के बीच 1,254 दिन (लगभग 34 प्रतिशत) और 1994 से 2003 के बीच 1,180 दिन (लगभग 32 प्रतिशत) तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया था।
राजस्थान में श्रीगंगानगर और अंता में तापमान 46.7 डिग्री, चुरू में 46.6 डिग्री, धौलपुर और जालौर में 46.5 डिग्री, कोटा में 46.2 डिग्री, पिलानी (झुंझुनू) और करौली में 46.1 डिग्री, जयपुर में 45.9 डिग्री, बाडमेर और फलोदी में 45.8 डिग्री, जोधपुर में 45.6 डिग्री और जैसलमेर में 45.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
हरियाणा के नूंह में रविवार को अधिकतम तापमान 47.2 डिग्री सेल्सियस जबकि सिरसा में 47 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हिसार में अधिकतम तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस, महेंद्रगढ़ में 46 डिग्री सेल्सियस, रोहतक में 45.2 डिग्री सेल्सियस, गुरुग्राम में 45.1 डिग्री सेल्सियस, झज्जर में 46.1 डिग्री सेल्सियस, अंबाला में 43.8 डिग्री सेल्सियस और भिवानी में 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पंजाब और हरियाणा की राजधानी चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पंजाब में अमृतसर में अधिकतम तापमान 43.9 डिग्री सेल्सियस जबकि फरीदकोट में 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पटियाला में पारा 45 डिग्री सेल्सियस और लुधियाना में 44.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। गुरदासपुर में अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री जबकि मोहाली में 43.4 डिग्री दर्ज किया गया। पठानकोट का अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि बठिंडा का तापमान 47.7 डिग्री दर्ज किया गया।
मध्य प्रदेश के दतिया में 47.5 डिग्री जबकि उत्तर प्रदेश के आगरा में 47.7 डिग्री और झांसी में 47.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
गुजरात के तटीय इलाकों में भी भीषण गर्मी और उमस ने निवासियों को परेशान किया।
आईएमडी ने रविवार को अपने बुलेटिन में उत्तर भारत के कई हिस्सों में अगले पांच दिन तक लू चलने का अनुमान जताया है।
सोमवार से बृहस्पतिवार तक पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली के कई हिस्सों में लू और भीषण लू चलने का अनुमान है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 19, 2024 10:40 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

