एजेंसी न्यूज

Heat Wave: लद्दाख से झारखंड तक, उत्तर-पश्चिम भारत में भीषण गर्मी का प्रकोप

लद्दाख से लेकर झारखंड तक और उत्तर-पश्चिम भारत का एक बड़ा हिस्सा भीषण गर्मी का प्रकोप झेल रहा है और उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में अधिकतम तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया.

Heat Wave: लद्दाख से झारखंड तक, उत्तर-पश्चिम भारत में भीषण गर्मी का प्रकोप
Credit -Pixabay

नयी दिल्ली, 17 जून : लद्दाख से लेकर झारखंड तक और उत्तर-पश्चिम भारत का एक बड़ा हिस्सा भीषण गर्मी का प्रकोप झेल रहा है और उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में अधिकतम तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. मौसम कार्यालय ने कहा कि उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, झारखंड और बिहार में अधिकांश स्थानों पर अधिकतम तापमान सामान्य से काफी ऊपर (5.1 डिग्री सेल्सियस या अधिक) रहा. राष्ट्रीय राजधानी में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया जो सामान्य से सात डिग्री अधिक था. उत्तराखंड के देहरादून में अधिकतम तापमान 43.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम के सामान्य से 9.5 डिग्री अधिक है, जबकि हिमाचल प्रदेश के ऊना में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 6.7 डिग्री सेल्सियस अधिक है.

जम्मू-कश्मीर में कटरा में अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 5.7 डिग्री सेल्सियस अधिक है, जबकि जम्मू में पारा 44.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. झारखंड के डाल्टनगंज में अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 9.1 डिग्री अधिक था. मौसम कार्यालय ने अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान में कोई बदलाव नहीं होने का अनुमान जताया है. इसके बाद तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने की उम्मीद है. हालांकि, मध्य और पूर्वी भारत अगले तीन दिनों तक अधिक तापमान से जूझता रहेगा और उसके बाद कुछ राहत की उम्मीद है. यह भी पढ़ें : BJP vs Congress on Petrol-Diesel prices: पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर भाजपा व कांग्रेस ने एक-दूसरे पर साधा निशाना

पंजाब और हरियाणा में पिछले कई दिनों से जारी गर्मी में कोई कमी नहीं आई है और बठिंडा में तापमान 46.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

स्थानीय मौसम केंद्र के अनुसार, दोनों राज्यों की साझा राजधानी चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. राजस्थान में सोमवार को लू की स्थिति और प्रबल हो गई, कई स्थानों पर अधिकतम तापमान पिछले दिन की तुलना में एक से छह डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया. मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि राज्य के अधिकांश स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 से 8.1 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया.

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 18, 2024 12:58 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).