उत्तर प्रदेश: उन्नाव के बाद लखनऊ में किशोरी के साथ दुष्कर्म, जहर पीकर की आत्महत्या की कोशिश
लखनऊ में शनिवार दोपहर को कथित तौर पर अपनी गूंगी व बहरी मां के सामने दुष्कर्म की शिकार हुई एक नाबालिग लड़की ने रविवार को जहर खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की. यह जानकारी पुलिस ने दी. किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती नाबालिग की हालत स्थिर बताई जा रही है. पीड़िता के पिता द्वारा दर्ज कराई गई एफआईआर के अनुसार, पीड़िता पर हमला शनिवार दोपहर को तब हुआ, जब उसके पिता काम से बाहर गए हुए थे, और उसकी मां छत पर थी. इसी दौरान निजी कंपनी में काम करने वाले तीन बच्चों के पिता सर्वेश रावत (32) घर में घुस आया और उसने पीड़िता को पकड़ लिया. आरोपी ने लड़की को दबोच लिया, तभी किशोरी की मां कमरे में आई और बेटी को बचाने की कोशिश करने लगी.