Norovirus Outbreak On Cruise Ship: फ्रांस के बॉरदॉ बंदरगाह पर खड़े ‘एंबिशन’ क्रूज शिप पर नोरोवायरस संक्रमण फैलने के बाद हड़कंप मच गया है. एक 90 वर्षीय यात्री की मौत और दर्जनों लोगों में संक्रमण जैसे लक्षण मिलने के बाद फ्रांसीसी स्वास्थ्य अधिकारियों ने जहाज को क्वारंटीन कर दिया है. इस जहाज पर कुल 1,233 यात्री और करीब 500 क्रू मेंबर मौजूद हैं. Viral Gastroenteritis: क्या है वायरल गैस्ट्रोएन्टराइटिस? जानें पेट में होने वाले इस संक्रमण के लक्षण, बचाव और उपचार के सही तरीके
जहाज पर बिगड़ी स्वास्थ्य स्थिति
स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक, जहाज मंगलवार को बॉरदॉ पहुंचा था. इसके बाद कम से कम 50 लोगों में गैस्ट्रोएंटेराइटिस के लक्षण पाए गए, जिनमें तेज उल्टी और दस्त शामिल हैं. इसी दौरान एक 90 वर्षीय यात्री की मौत हो गई. अधिकारियों ने आशंका जताई है कि यह मामला नोरोवायरस संक्रमण से जुड़ा हो सकता है.
नोरोवायरस एक बेहद संक्रामक वायरस है, जो बंद और भीड़भाड़ वाले स्थानों में तेजी से फैलता है. यही वजह है कि पूरे जहाज को निगरानी में रखा गया है और सभी यात्रियों की मेडिकल जांच की जा रही है. जहाज पर मौजूद ज्यादातर यात्री यूनाइटेड किंगडम और आयरलैंड के बताए जा रहे हैं.
यात्रा पर लगी रोक
‘एंबिशन’ क्रूज शिप ने 6 मई को शेटलैंड द्वीप से अपनी यात्रा शुरू की थी. बॉरदॉ पहुंचने से पहले यह जहाज बेलफास्ट, लिवरपूल और ब्रेस्ट में रुका था. जहाज को बुधवार को स्पेन के लिए रवाना होना था, लेकिन स्वास्थ्य संकट के चलते इसकी आगे की यात्रा फिलहाल रोक दी गई है.
क्रूज का संचालन करने वाली कंपनी एंबेसडर क्रूज लाइन स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर यात्रियों और क्रू मेंबर्स को जरूरी सहायता उपलब्ध करा रही है. साथ ही जहाज पर सफाई और संक्रमण रोकने के लिए विशेष सैनिटाइजेशन अभियान चलाया जा रहा है.
क्या होता है नोरोवायरस?
नोरोवायरस को आमतौर पर “विंटर वॉमिटिंग बग” कहा जाता है. यह फूड पॉइजनिंग और पेट संबंधी संक्रमण का एक प्रमुख कारण माना जाता है. क्रूज शिप जैसे बंद वातावरण में यह वायरस साझा सुविधाओं, सतहों और आपसी संपर्क के जरिए तेजी से फैल सकता है. ऐसे मामलों में स्वास्थ्य प्रोटोकॉल के तहत संक्रमित लोगों को अलग रखा जाता है और जहाज के केबिन व सार्वजनिक क्षेत्रों को पूरी तरह सैनिटाइज किया जाता है. फिलहाल अधिकारी यह जांच कर रहे हैं कि यात्री की मौत और संक्रमण के मामले सीधे तौर पर नोरोवायरस से जुड़े हैं या नहीं.













QuickLY