देश की खबरें | प्रधानमंत्री ने पित्रोदा की टिप्पणियों को लेकर विपक्ष पर निशाना साधा, कांग्रेस नेता ने इस्तीफा दिया

नयी दिल्ली/हैदराबाद, आठ मई प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने भारत की विविधता को चित्रित करने संबंधी कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा की टिप्पणियों को लेकर बुधवार को विपक्षी दल पर निशाना साधा। मोदी ने इन टिप्पणियों को ‘‘नस्ली’’ बताते हुए कहा कि लोग त्वचा के रंग के आधार पर देशवासियों का अपमान करने के प्रयास को बर्दाश्त नहीं करेंगे।

इस विवाद के बीच पित्रोदा ने ‘इंडियन ओवरसीज कांग्रेस’ प्रमुख के पद से इस्तीफा दे दिया।

पित्रोदा की उस टिप्पणी को लेकर विवाद खड़ा हो गया जिसमें उन्होंने कहा है कि ‘‘पूर्व के लोग चीनी और दक्षिण भारतीय अफ्रीकी जैसे दिखते हैं’’।

उनकी टिप्पणी को लेकर मचे राजनीतिक हंगामे के बीच कांग्रेस ने हालांकि पित्रोदा की टिप्पणियों से खुद को अलग करते हुए इसे दुर्भाग्यपूर्ण और अस्वीकार्य बताया। पार्टी ने कहा कि वह इन टिप्पणियों से खुद को ‘‘पूरी तरह से अलग’’ करती है।

सत्तारूढ़ भाजपा ने पित्रोदा की ‘‘नस्ली’’ टिप्पणियों को लेकर उन पर निशाना साधा और दावा किया कि इससे विपक्षी दल की ‘‘विभाजनकारी’’ राजनीति बेनकाब हो गई है।

भाजपा ने कांग्रेस के रुख को निरर्थक बताते हुए खारिज कर दिया। भाजपा ने पित्रोदा के गांधी परिवार के साथ करीबी संबंधों का हवाला देते हुए तीखा हमला बोला।

मोदी ने आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में चुनावी रैलियों को संबोधित करते हुए पित्रोदा की भारतीयों की त्वचा के रंग संबंधी कथित नस्ली टिप्पणी को लेकर विपक्षी पार्टी पर निशाना साधा और जोर देकर कहा कि देशवासी त्वचा के रंग के आधार पर अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगे।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा कि उन्हें अब यह बात समझ में आ गई है कि देश की प्रमुख विपक्षी पार्टी ने राष्ट्रपति चुनाव में द्रौपदी मुर्मू को हराने की कोशिश इसलिए की थी क्योंकि उनकी ‘त्वचा का रंग सांवला’ है।

उन्होंने स्पष्ट तौर पर सैम पित्रोदा के संदर्भ में कहा, ‘‘मुझे आज पता चला कि शहजादे के एक अंकल अमेरिका में रहते हैं। वह उनके दार्शनिक और मार्गदर्शक हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘शहजादे के दार्शनिक और मार्गदर्शक ने एक बड़ा राज खोला है। उन्होंने कहा कि जिनकी त्वचा का रंग सांवला है, वे सभी अफ्रीका के हैं।’’

मोदी ने कांग्रेस शासित कर्नाटक और तेलंगाना के मुख्यमंत्रियों क्रमशः सिद्धरमैया और ए रेवंत रेड्डी से पूछा कि क्या वे ‘‘इस तरह के आरोप’’ को स्वीकार करेंगे।

प्रधानमंत्री ने पूछा, ‘‘क्या तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन तमिल के गौरव और सम्मान के लिए कांग्रेस के साथ द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के संबंध तोड़ देंगे। क्या उनमें ऐसा करने की हिम्मत है?’’

पित्रोदा ने एक पॉडकास्ट में कहा, ‘‘हम 75 साल से बहुत सुखद माहौल में रह रहे हैं, जहां कुछ लड़ाइयों को छोड़ दें तो लोग साथ रह सकते हैं।’’

पित्रोदा ने सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से प्रसारित इस साक्षात्कार में कहा, ‘‘हम भारत जैसे विविधता से भरे देश को एकजुट रख सकते हैं। जहां पूर्व के लोग चीनी जैसे लगते हैं, पश्चिम के लोग अरब जैसे दिखते हैं, उत्तर के लोग गोरों और दक्षिण भारतीय अफ्रीकी जैसे लगते हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘इससे कोई फर्क नहीं पड़ता, हम सभी भाई-बहन हैं। भारत में अलग-अलग क्षेत्र के लोगों के रीति-रिवाज, खान-पान, धर्म, अलग-अलग हैं, लेकिन भारत के लोग एक-दूसरे का सम्मान करते हैं।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)