भारत के कई हिस्सों में भीषण गर्मी से दैनिक जनजीवन अस्त-व्यस्त, सीवियर हीटवेव का अलर्ट, जानें IMD का अपडेट
भारत के बड़े हिस्से में रविवार को भीषण गर्मी के कारण दैनिक जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया और दक्षिण पश्चिम दिल्ली के नजफगढ़ में तापमान 47.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो इस मौसम में अब तक देश में सबसे अधिक है.
नयी दिल्ली, 19 मई: भारत के बड़े हिस्से में रविवार को भीषण गर्मी के कारण दैनिक जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया और दक्षिण पश्चिम दिल्ली के नजफगढ़ में तापमान 47.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो इस मौसम में अब तक देश में सबसे अधिक है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, गुजरात और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में भीषण गर्मी की जानकारी दी है. यहां तक कि हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी इलाके भी भीषण गर्मी से जूझ रहे हैं. Delhi Heatwave: दिल्ली में गर्मी से हाय तौबा, लू के थपेड़े और 47.8 डिग्री का टॉर्चर; पढ़ें IMD का अलर्ट.
धर्मशाला में अधिकतम तापमान 36 डिग्री, ऊना में 44.4 डिग्री, बिलासपुर में 42.4 डिग्री, सोलन में 36.6 डिग्री और कांगड़ा में 40 डिग्री तक पहुंच गया. मौसम कार्यालय ने दिल्ली, चंडीगढ़, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान के लिए रेड अलर्ट जारी कर "संवेदनशील लोगों की अत्यधिक देखभाल" की आवश्यकता पर जोर दिया है. उत्तर प्रदेश, बिहार और गुजरात के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जिसमें शिशुओं, बुजुर्गों और पुरानी बीमारियों से ग्रस्त लोगों समेत संवेदनशील व्यक्तियों की "उच्च स्वास्थ्य देखभाल" पर जोर दिया गया है.
भारत में कम से कम आठ स्थानों पर पारा 47 डिग्री सेल्सियस या उससे ज्यादा दर्ज किया गया, नजफगढ़ में तापमान 47.8 डिग्री तक पहुंच गया, जिससे यह पिछले तीन दिन में दूसरी बार देश का सबसे गर्म स्थान बन गया.
हवाईअड्डा स्थल मौसम डेटा के एक नए विश्लेषण के अनुसार, दिल्ली में पिछले 10 वर्षों में 1,557 दिन (लगभग 43 प्रतिशत) तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया गया है.
इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट फॉर एनवायरमेंट एंड डेवलपमेंट (आईआईईडी) के अनुसार, घनी आबादी वाले शहर दिल्ली में 2004 से 2013 के बीच 1,254 दिन (लगभग 34 प्रतिशत) और 1994 से 2003 के बीच 1,180 दिन (लगभग 32 प्रतिशत) तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया था.
राजस्थान के गंगानगर में पारा 46.7 डिग्री, मध्य प्रदेश के दतिया में 47.5 डिग्री, हरियाणा के सिरसा में 47 डिग्री और नूंह में 47.2 डिग्री, पंजाब के बठिंडा में 46.4 डिग्री, आगरा में 47.7 डिग्री और उत्तर प्रदेश के झांसी में 47.2 डिग्री तक पहुंच गया. गुजरात के तटीय इलाकों में भी तेज़ गर्मी और उमस ने निवासियों को परेशान किया.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 19, 2024 09:22 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

