छोटी सी लौंग में छुपे हैं सेहत के बड़े राज, इसके कमाल के फायदों से कहीं आप अंजान तो नहीं
लौंग में मौजूद एंटी-ऑक्सीडेंट्स, एंटी-बैक्टीरियल, एंटी-सेप्टिक गुण कई बीमारियों से सुरक्षा प्रदान करते हैं. इसके अलावा इसमें मौजूद आयरन, कार्बोहाइड्रेट्स, कैल्शियम, फास्फोरस, मैग्नीशियम, पोटैशियम, सोडियम, हाइड्रोक्लोरिक एसिड और विटामिन्स सेहत को कई तरह से फायदा पहुंचाते हैं.
भारतीय मसालों (Indian Spices) की दुनिया में लौंग (Clove) की एक खास जगह है. सदियों से इसका इस्तेमाल खाने के स्वाद को बढ़ाने के अलावा दवाइयों के तौर पर किया जाता रहा है. लौंग स्वाद में कड़वी होती है और इसमें यूजेनॉल नामक तत्व की मौजूदगी के कारण एक खास तरह की सुगंध पाई जाती है. लौंग में मौजूद एंटी-ऑक्सीडेंट्स, एंटी-बैक्टीरियल, एंटी-सेप्टिक गुण कई बीमारियों से सुरक्षा प्रदान करते हैं. इसके अलावा इसमें मौजूद आयरन, कार्बोहाइड्रेट्स, कैल्शियम, फास्फोरस, मैग्नीशियम, पोटैशियम, सोडियम, हाइड्रोक्लोरिक एसिड और विटामिन्स सेहत (Clove is beneficial for Health) को कई तरह से फायदा पहुंचाते हैं.
लौंग का इस्तेमाल हर मौसम में किया जा सकता है, लेकिन सर्दियों के मौसम में इसका ज्यादा उपयोग किया जाता है. बेशक लौंग हर तरह से सेहत के लिए फायदेमंद है, तो चलिए हम आपको बताते हैं छोटी सी लौंग में छुपे सेहत के बड़े राज (Health Benefits of Clove), ताकि आप भी जानकर इसका लाभ उठा सकें.
1- पेट के लिए फायदेमंद
लौंग में मौजूद फाइबर पाचन क्रिया को बढ़ाता है और कब्ज जैसी समस्या में आराम दिलाता है. सुबह खाली पेट एक गिलास पानी में लौंग के तेल की कुछ बूंदे डालकर पीने से पेट से जुड़ी समस्याओं से राहत मिलती है. इसके अलावा यह इम्यून सिस्टम, ब्रेन फंक्शनिंग के लिए भी बेहतर माना जाता है. यह भी पढ़ें: सेहत के लिए किसी वरदान से कम नहीं है लौंग और इलायची, जानें इसके फायदे
2- सर्दी-जुकाम में कारगर
सर्दी-जुकाम जैसी समस्या में लौंग कारगर असर दिखाता है. दरअसल, इसमें मौजूद विटामिन सी और एंटी-ऑक्सीडेंट्स सर्दी-जुकाम से राहत दिलाने में मदद करते हैं. लौंग वाली चाय या साबुत लौंग का सेवन करने से गले के इंफेक्शन और गले की खराश से भी निजात मिलती है.
3- दांतों के दर्द से निजात
अगर आप दांतों के दर्द से परेशान हैं तो लौंग में आपकी इस समस्या का समाधान छुपा हुआ है. इसमें एंटी-बैक्टीरियल गुण होता है जो बैक्टीरिया से राहत दिलाने में मदद करता है. दांतों के दर्द के अलावा पायरिया के कारण मुंह से आनेवाली दुर्गध से भी लौंग राहत दिलाता है.
4- स्ट्रेस को दूर भगाए
लौंग स्ट्रेस से राहत दिलाकर मानसिक शांति का एहसास भी दिलाता है. दरअसल, लौंग में दिमागी स्ट्रेस को कम करने का भी गुण पाया जाता है. स्ट्रेस फ्री होने के लिए आप तुलसी, पुदीना और इलायची के साथ लौंग वाली चाय बना कर पी सकते हैं या फिर इस मिश्रण को शहद में मिलाकर भी इसका सेवन कर सकते हैं.
5- स्किन को बनाए हेल्दी
लौंग न सिर्फ सेहत के लिए फायदेमंद है, बल्कि त्वचा को हेल्दी बनाए रखने में भी मदद करता है. अगर आप मुंहासे, ब्लैकहेड्स और व्हाइट हेड्स की समस्या से परेशान हैं तो अपने फेसपैक में लौंग के तेल की कुछ बूंदों का इस्तेमाल करें. लौंग के तेल को सीधे अपनी त्वचा पर लगाने से बचें. यह भी पढ़ें: सेहत और सौंदर्य को निखारता है लौंग का तेल, इसके इस्तेमाल से होते हैं ये गजब के फायदे
गौरतलब है कि लौंग के नियमित इस्तेमाल से कैंसर का खतरा कम होता है. इसके अलावा इससे शुगर कंट्रोल होता है और पेट का अल्सर ठीक होता है. इसके साथ ही यह हड्डियों, त्वचा और बालों के लिए भी बेहद फायदेमंद है. यकीनन लौंग के इन फायदों को जानने के बाद आप भी रोजाना इसका इस्तेमाल जरूर करना चाहेंगे.
नोट- इस लेख में दी गई तमाम जानकारियों को केवल सूचनात्मक उद्देश्य से लिखा गया है. इसकी वास्तविकता, सटीकता और विशिष्ट परिणाम की हम कोई गारंटी नहीं देते हैं. इसमें दी गई जानकारियों को किसी बीमारी के इलाज या चिकित्सा सलाह के लिए प्रतिस्थापित नहीं किया जाना चाहिए. इस लेख में बताए गए टिप्स पूरी तरह से कारगर होंगे या नहीं इसका हम कोई दावा नहीं करते है, इसलिए किसी भी टिप्स या सुझाव को आजमाने से पहले डॉक्टर से सलाह जरूर लें.
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 18, 2019 01:07 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

