जरुरी जानकारी

मिशन 2019: बीजेपी ने जारी किया 'संकल्प पत्र', राष्ट्रवाद सर्वोपरि, किसानों और व्यापारियों के लिए खुला पिटारा, महिलाओं के लिए भी बड़ी सौगातें

बीजेपी ने अपने संकल्प पत्र का नाम ‘संकल्पित भारत, सशक्त भारत’ रखा है. बीजेपी ने यह संकल्प पत्र पहले चरण के चुनाव से मात्र 3 दिन पहले जारी किया है. इस मौके पर पीएम मोदी, पार्टी अध्यक्ष अमित शाह, गृह मंत्री राजनाथ सिंह, विदेश मंत्री सुषमा स्वराज, वित्त मंत्री अरुण जेटली मौजूद रहे.

मिशन 2019: बीजेपी ने जारी किया 'संकल्प पत्र', राष्ट्रवाद सर्वोपरि, किसानों और व्यापारियों के लिए खुला पिटारा, महिलाओं के लिए भी बड़ी सौगातें
बीजेपी ने जारी किया 'संकल्प पत्र' (Photo- BJP Twitter)

लोकसभा चुनाव 2019 (Lok Sabha Elections 2019) के लिए सत्ताधारी बीजेपी ने अपना संकल्प पत्र (Sankalp Patra) जारी किया है. बीजेपी ने अपने संकल्प पत्र का नाम ‘संकल्पित भारत, सशक्त भारत’ रखा है. बीजेपी ने यह संकल्प पत्र पहले चरण के चुनाव से मात्र 3 दिन पहले जारी किया है. इस मौके पर पीएम मोदी, पार्टी अध्यक्ष अमित शाह, गृह मंत्री राजनाथ सिंह, विदेश मंत्री सुषमा स्वराज, वित्त मंत्री अरुण जेटली मौजूद रहे. राजनाथ सिंह ने बीजेपी का संकल्प पत्र जारी किया. बीजेपी के इस संकल्प पत्र को कांग्रेस के घोषणा पत्र के वार के रूप में देखा जा रहा है.

पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने इस दौरान पार्टी की 5 साल की उपलब्धियों को देश के सामने रखा. अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि 2014 में हमने देश के सामने 5 साल का विजन रखा था, जिसपर देश की जनता ने विश्वास रखते हुए हमें बहुमत दिया था. पूर्ण बहुमत के बावजूद हमने NDA की सरकार बनाई और देश को आगे बढ़ाने का काम किया. अमित शाह ने कहा कि पांच साल के कार्यकाल में हमारी सरकार ने ऐतिहासिक काम किया है, देश के इतिहास में ये पांच साल विकास के लिए जाने जाएंगे. अमित शाह ने कहा कि हमने भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ी. पांच साल के कार्यकाल में मोदी सरकार पर भ्रष्टाचार का कोई भी आरोप नहीं है.

यह भी पढ़ें- लोकसभा चुनाव 2019: बीजेपी ने लॉन्च किया 'फिर एक बार मोदी सरकार' कैंपेन, आप भी देखिए यह Video

शाह ने कहा कि बीजेपी की सरकार ने देश में अस्थिरता को खत्म किया है. अमित शाह ने कहा कि हमारी सरकार ने 50 करोड़ लोगों को गरीबी के स्तर से ऊपर उठाया है, आज देश महाशक्ति बनकर उभरा है. उन्होंने कहा कि 2014 में भारत की अर्थव्यवस्था 11 वें नंबर पर थी, आज हम दुनिया की छठी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था हैं और तेजी से 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने के लिए अग्रसर हैं.

लोकसभा चुनाव 2019 के लिए बीजेपी का संकल्प 

  • किसान क्रेडिट कार्ड में 1 लाख पर ब्याज नहीं.
  • 2022 तक किसानों की आय दोगुनी.
  • 60 साल बाद किसानों को पेंशन की सुविधा.
  • राष्ट्रवाद के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध.
  • आर्मी को फ्री हैंड देने की बात.
  • राम मंदिर निर्माण के लिए सभी संभावनाएं तलाशेंगे. हर संभव प्रयास किए जाएंगे.
  • छोटे दुकानदारों को 60 साल बाद पेंशन.
  • कारोबारियों के लिए एक आयोग बनाने का ऐलान.
  • 2022 तक नए भारत का निर्माण.

किसानों के लिए बड़ी घोषणा

  • किसानों की आय दोगुनी.
  • कृषि क्षेत्र में उत्पादकता बढ़ाने के लिए 25 लाख करोड़ रुपये का निवेश.
  • देश के सभी किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि योजना का लाभ.
  • छोटे तथा खेतिहर किसानों की सामाजिक सुरक्षा के लिए 60 वर्ष की उम्र के बाद पेंशन की योजना.

देश सुरक्षा का वादा

  • आतंकवाद और उग्रवाद के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति को पूरी दृढ़ता से जारी रखेंगे.
  • सुरक्षा बलों को आतंकवादियों का सामना करने के लिए फ्री हैंड नीति जारी रहेगी.
  • आर्मी को फ्री हैंड.
  • राष्ट्रवाद के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध.

अर्थव्यवस्था पर मजबूत बनेगा भारत

  • वर्ष 2025 तक 5 लाख करोड़ डॉलर और वर्ष 2032 तक 10 लाख करोड़ डॉलर की अर्थव्यवस्था बनेगा.
  • इंफ्रास्ट्रक्चर क्षेत्र में 100 लाख करोड़ रुपए का पूंजीगत निवेश.
  • सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योगों के लिए 1 लाख करोड़ रुपए की क्रेडिट गारंटी योजना.

नए भारत की बुनियाद

  • सभी बसावटों को खुले में शौच मुक्त (ओडीएफ) का दर्जा.
  • 50 शहरों में एक मजबूत मेट्रो नेटवर्क.
  • सड़क नेटवर्क विकसित करने के लिए भारतमाला 2.0 द्वारा राज्यों को सहायता.

स्वस्थ भारत

  • 1.5 लाख स्वास्थ्य और कल्याण केन्द्रों में टेलीमेडिसिन और डायग्नोस्टिक लैब सुवाधाएं.
  • हर जिले में एक मेडिकल कॉलेज या परास्नातक मेडिकल कॉलेज.
  • वर्ष 2022 तक सभी बच्चों और गर्भवती महिलाओं के लिए पूर्ण टीकाकरण.

महिला सशक्तिकरण

  • तीन तलाक, निकाह हलाला जैसी प्रथाओं को प्रतिबंधित व समाप्त करने को विधेयक.
  • सभी आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ता को आयुष्मान भारत के तहत लाना.
  • कम से कम 50% महिला कर्मचारी रखने वाले MSME उद्योगों द्वारा सरकार के लिए 10 फीसदी उत्पाद खरीद.

सांस्कृतिक धरोहर

  • संवैधानिक ढांचे के तहत सभी पहलुओं पर विचार करते हुए अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण के लिए आवश्यक प्रयास.
  • गंगोत्री से गंगा सागर तक गंगा नदी का स्वच्छ, निर्बाध प्रवाह सुनिश्चित करना.
  • समान नागरिक संहिता लाने की दृढ़ प्रतिबद्धता.

अहम मुद्दे

  • लोकसभा, विधानसभा व स्थानीय निकायों के लिए एक साथ चुनाव के मुद्दे पर सर्वसम्मति बनाना.
  • प्रभावी शासन और पारदर्शी निर्णयन के माध्यम से भारत को भ्रष्टाचार से मुक्त बनाना.
  • सार्वजनिक सेवाओं की समयबद्ध आपूर्ति के लिए सेवा आपूर्ति के अधिकार सुनिश्चित करना.
  • भारतीय अर्थव्यवस्था को तेज़ी से विकसित करने के लिए 22 प्रमुख चैम्पियन सेक्टरों का निर्धारण.
  • उद्यमियों को बिना किसी सिक्योरिटी के 50 लाख रु तक का ऋण.
  • पूर्वोत्तर राज्यों में MSME को पूंजीगत सहायता देने के लिए ‘उद्यमी पूर्वोत्तर’ योजना.

BJP अध्यक्ष ने कहा कि हमने 6 करोड़ लोगों के साथ चर्चा कर इस संकल्प पत्र को तैयार किया है. उन्होंने कहा कि हम 75 बड़े संकल्पों के साथ चुनाव में जा रहे हैं.

 

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 08, 2019 12:13 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).