महाराष्ट्रः शिवसेना MLA प्रताप सरनाईक के घर छापेमारी, NCP चीफ शरद पवार बोले- विपक्ष के खिलाफ ED का इस्तेमाल
महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ महा विकास अघाड़ी सरकार के नेता प्रताप सरनाईक (Shiv Sena MLA Pratap Sarnaik) के घर पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने छापेमारी की. ईडी की इस कार्यवाई के बाद राज्य में अब यह मामला सियासी रंग लेने लगा है. प्रवर्तन निदेशालय की छापेमारी पर एनसीपी (NCP) प्रमुख शरद पवार ( Sharad Pawar) का बयान सामने आया है. उन्होंने कहा कि लोगों के सवालों के जवाब देने के बजाय, सरकारी एजेंसियों का इस्तेमाल राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ किया जा रहा है. जो ठीक नहीं है. उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में हमारी सरकार ने एक साल पूरा कर लिया है, इसलिए वे अब जानते हैं कि वे यहां सत्ता में नहीं आ सकते हैं. इसलिए वे केंद्र में सत्ता का उपयोग कर रहे हैं.