सरसों में गिरावट, मूंगफली दाना और उसके तेल की कीमतों में सुधार
जयपुर के वायदा कारोबार में सरसों के जुलाई अनुबंध का भाव 4,155 रुपये प्रति क्विन्टल बोला जा रहा था जो 4,425 रुपये के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) से काफी कम है। बाजार सूत्रों के अनुसार कुछ बड़े व्यापारी और सट्टेबाज बिक्री के सीजन में जानबूझकर सरसों के भाव तोड़ रहे हैं। सरकार की ओर से सहकारी संस्था नाफेड एमएसपी पर किसानों के लगभग 20 प्रतिशत उपज की खरीद कर पाती है जबकि किसानों को अपना शेष माल खुले बाजार में औने-पौने दाम पर बेचने को मजबूर होना पड़ता है।