देश की खबरें | हरियाणा के मुख्यमंत्री ने क्रिकेटर युजवेंद्र चहल को किया सम्मानित

गुरुग्राम, 11 जुलाई हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बृहस्पतिवार को क्रिकेटर युजवेंद्र चहल को 'टी-20 क्रिकेट विश्व कप 2024' जीतने पर सम्मानित किया।

सैनी ने 'पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस' में चहल को सम्मानित करने के लिए आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उन्हें पदक प्रदान किया और भगवान कृष्ण की एक प्रतिमा भेंट की। उन्होंने क्रिकेटर को हरियाणा का नाम रोशन करते रहने के लिए प्रोत्साहित किया।

क्रिकेटर के पिता कृष्ण कुमार चहल ने भी मुख्यमंत्री से बात की और अपने बेटे की उपलब्धियों की कहानियां साझा कीं और कहा कि उन्हें इस बात पर बहुत गर्व है कि उनके बेटे को मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किया जा रहा है।

चहल की मां सुनीता कुमारी चहल ने इस बात पर खुशी जाहिर की कि उनके बेटे को इतनी प्रशंसा मिल रही है।

कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों ने सैनी को बताया कि चहल शतरंज और क्रिकेट दोनों में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले एकमात्र खिलाड़ी हैं। उन्होंने विश्व युवा शतरंज चैंपियनशिप में भी हिस्सा लिया है।

मुख्यमंत्री ने जल्द ही राज्य के पैरालंपिक और अन्य खिलाड़ियों के लिए सम्मान समारोह आयोजित करने की योजना की भी घोषणा की।

उन्होंने कहा कि हरियाणा खिलाड़ियों की भूमि है जो लगातार अंतरराष्ट्रीय खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हैं और दुनिया भर में देश का नाम रोशन करते हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)