देश की खबरें | रेलवे नेटवर्क में कुल 136 वंदे भारत ट्रेन सेवाएं परिचालन में : सरकार

नयी दिल्ली, 28 नवंबर सरकार ने बुधवार को लोकसभा को बताया कि 21 नवंबर तक 136 वंदे भारत ट्रेन सेवाएं बेहतर सुरक्षा और आधुनिक यात्री सुविधाओं के साथ चालू थीं।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने एक प्रश्न के लिखित उत्तर में, कहा कि इन सुरक्षा विशेषताओं और आधुनिक यात्री सुविधाओं में स्वचालित ट्रेन सुरक्षा प्रणाली ‘कवच’, तेज गति, पूरी तरह से सीलबंद गैंगवे, स्वचालित प्लग डोर, बेहतर आरामदेह सवारी, हॉट केस के प्रावधान के साथ मिनी पेंट्री, बोतल कूलर, डीप फ्रीजर और गर्म पानी बॉयलर आदि हैं।

मंत्री विभिन्न राजनीतिक दलों के नौ सांसदों द्वारा उठाए गए सवालों का जवाब दे रहे थे, जो वंदे भारत एक्सप्रेस शुरू करने के पीछे के तर्क, उनकी व्यस्तता, सुविधाएं, यात्री प्रतिक्रिया और महाराष्ट्र के साथ-साथ नई दिल्ली-काठगोदाम मार्ग पर सेवाओं के बारे में जानना चाहते थे।

वैष्णव ने कहा, ‘‘वर्तमान में, 22 वंदे भारत सेवाएं, मूल या समाप्ति के आधार पर, महाराष्ट्र राज्य में स्थित स्टेशनों की जरूरतों को पूरा कर रही हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘...दिल्ली-काठगोदाम सेक्टर में तीन जोड़ी मेल/एक्सप्रेस सेवाएं संचालित होती हैं, जिनमें 12039/40 काठगोदाम-नई दिल्ली शताब्दी एक्सप्रेस भी शामिल है।’’

वैष्णव ने कहा कि वंदे भारत सेवाओं को मार्ग में सेक्शन की अधिकतम स्वीकार्य गति से संचालित किया जा रहा है ताकि गति क्षमता का इष्टतम उपयोग सुनिश्चित किया जा सके और गति को कम करने का कोई प्रस्ताव नहीं है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)