दिवंगत सुषमा स्वराज की स्मृति में भूटान नरेश जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक ने जलाएं घी के एक हजार दीपक
भारत की पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज की स्मृति में भूटान नरेश जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक ने यहां स्थित एक मठ में विशेष प्रार्थना की और घी के एक हजार दीपक जलाए. साल 2014 से 2019 तक भारत की विदेश मंत्री रहीं सुषमा स्वराज ने भूटान से मिलकर काम किया था.
थिम्पू : भारत की पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज (Sushma Swaraj) की स्मृति में भूटान नरेश जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक (Jigme Khesar Namgyel Wangchuck) ने यहां स्थित एक मठ में विशेष प्रार्थना की और घी के एक हजार दीपक जलाए. सुषमा का निधन इस सप्ताह के शुरुआत में नई दिल्ली में हो गया था.
भूटान नरेश के आदेश पर गुरुवार को सिम्टोखा जोंग में विशेष प्रार्थना की गई. नरेश ने दिवंगत मंत्री के परिवार और भारत सरकार को भी शोक संदेश भेजे. एक शोक संदेश में प्रधानमंत्री लोटे शेरिंग ने कहा, "सुषमा स्वराज का निधन न केवल भारतीय जनता पार्टी के लिए, बल्कि पूरे देश के लिए भी बहुत बड़ी क्षति है."
उन्होंने कहा, "वह भूटान की बहुत अच्छी दोस्त थीं, जिन्होंने भूटान-भारत संबंधों को बढ़ाने में अथक प्रयास किया." साल 2014 से 2019 तक भारत की विदेश मंत्री रहीं सुषमा स्वराज ने भूटान से मिलकर काम किया. इस दौरान उन्होंने भूटान की दोस्त बनकर कार्य किए और दोनों देशों के संबंधों को और मजबूत करने के लिए काफी योगदान दिया.
(The above story first appeared on LatestLY on Aug 10, 2019 02:31 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

