Koderma Station Horror: कोडरमा स्टेशन पर दर्दनाक हादसा, चलती ट्रेन पकड़ने की कोशिश में मां की मौत; ट्रेन में ही रह गए दो मासूम जुड़वां बच्चे (Watch Video)
झारखंड के कोडरमा स्टेशन पर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. चलती ट्रेन में चढ़ने के प्रयास में 24 वर्षीय महिला की पटरी पर गिरने से मौत हो गई. मृतका अपने दो जुड़वां बच्चों के साथ दिल्ली जा रही थी.
कोडरमा, 25 अप्रैल: झारखंड (Jharkhand) के कोडरमा रेलवे स्टेशन (Koderma Railway Station) पर शुक्रवार शाम एक भीषण हादसा हुआ, जिसने यात्रियों और रेल कर्मियों को झकझोर कर रख दिया. अपने दो जुड़वां बच्चों के साथ सफर कर रही 24 वर्षीय महिला की चलती ट्रेन की चपेट (Moving Train) में आने से दर्दनाक मौत हो गई. मृतका की पहचान मुस्कान मसी के रूप में हुई है, जो पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्धमान जिले के रामबांध की रहने वाली थी.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मुस्कान अपने पति तपन मसी, अपनी भतीजी और 2 से 3 महीने के दो जुड़वां बच्चों के साथ सियालदह–जलियांवाला बाग एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 12379) ( Sealdah–Jallianwala Bagh Express (Train No. 12379) के बी-3 कोच में आसनसोल से दिल्ली की यात्रा कर रही थी.
शाम के वक्त जब ट्रेन कोडरमा स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर चार पर रुकी, तो मुस्कान कुछ सामान खरीदने के लिए नीचे उतरीं। इसी बीच ट्रेन ने गति पकड़ ली. अपनी सीट और बच्चों तक पहुँचने की हड़बड़ाहट में उन्होंने चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास किया, लेकिन उनका पैर फिसल गया.
पटरी के बीच फंसने से मौके पर मौत
संतुलन बिगड़ने के कारण मुस्कान दो कोचों के बीच खाली जगह में फंस गईं और सीधे पटरियों पर जा गिरीं. ट्रेन के पहियों की चपेट में आने से उन्हें गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई. इस मंजर को देख प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई. यह भी पढ़ें: Bihar Police Viral Video: बिहार पुलिस शर्मसार! दारोगा और महिला कांस्टेबल का आपत्तिजनक वीडियो वायरल, एसपी ने दोनों को किया निलंबित
कोडरमा स्टेशन पर चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश में महिला की मौत
🚨Heartbreaking Tragedy at Koderma Station: Negligence and Haste Claim a Mother's Life, Leaving Two Infants Orphaned.
Incident: A 24 year old mother lost her life due to the dangerous attempt to catch a train, further exposing the stark lack of safety vigilance at our railway… pic.twitter.com/Z2Qbz1OZcA
— Ramesh Tiwari (@rameshofficial0) April 25, 2026
RPF ने संभाला मासूम बच्चों को
हादसे के तुरंत बाद रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की टीम मौके पर पहुँची. पुलिस ने ट्रेन में मौजूद दो मासूम जुड़वां बच्चों और उनकी चचेरी बहन को सुरक्षित अपनी कस्टडी में लिया और उनके परिजनों को सूचित किया.
इस हृदयविदारक घटना के कारण कोडरमा स्टेशन पर करीब 30 मिनट तक अफरा-तफरी का माहौल रहा. हादसे की वजह से जलियांवाला बाग एक्सप्रेस के साथ-साथ रांची–पटना जनशताब्दी एक्सप्रेस, गया–आसनसोल ईएमयू और झारखंड स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस जैसी कई ट्रेनों के परिचालन में देरी हुई.
रेलवे की अपील
रेलवे प्रशासन ने इस दुखद घटना पर शोक व्यक्त करते हुए एक बार फिर यात्रियों से अपील की है कि वे किसी भी स्थिति में चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का जोखिम न उठाएं. अधिकारियों का कहना है कि चंद सेकंड की जल्दबाजी जानलेवा साबित हो सकती है, इसलिए ट्रेन रुकने और चलने के समय विशेष सावधानी बरतें.
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 25, 2026 02:24 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

