राम और राष्ट्र पर समझौता नहीं... कांग्रेस से निष्कासित किए जाने के बाद आचार्य प्रमोद कृष्णम का राहुल गांधी को जवाब
कांग्रेस से निष्कासित किए जाने के बाद आचार्य प्रमोद कृष्णम ने पहली प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा है कि राम और “राष्ट्र” पर “समझौता” नहीं किया जा सकता.
नई दिल्ली: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम (Acharya Pramod Krishnam) का कांग्रेस से साथ छूट गया. कांग्रेस (Congress) ने अनुशासनहीनता के आरोप में शनिवार को आचार्य प्रमोद कृष्णम को पार्टी से निष्कासित कर दिया. कांग्रेस से निष्कासित किए जाने के बाद आचार्य प्रमोद कृष्णम ने पहली प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा है कि राम और “राष्ट्र” पर “समझौता” नहीं किया जा सकता. कांग्रेस द्वारा की गई कार्रवाई के बाद पूर्व कांग्रेस नेता अपने सोशल मीडिया के एक्स प्लेटफॉर्म पर पोस्ट कर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने अपने पोस्ट को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को टैग किया है. कांग्रेस ने आचार्य प्रमोद कृष्णम को पार्टी से 6 साल के लिए बाहर निकाला.
आचार्य प्रमोद कृष्णम ने पिछले दिनों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर ''श्री कल्कि धाम” के शिलान्यास समारोह के लिए उन्हें आमंत्रित किया था. वह अक्सर कांग्रेस की आधिकारिक लाइन से इतर अपने वक्तव्य के लिए जाने जाते हैं. आचार्य प्रमोद कृष्णम ने राम मंदिर को लेकर बीजेपी का समर्थन कर हलचल मचा दी थी. उन्होंने पार्टी हाईकमान से फैसले पर सवाल खड़े किए थे, जिसमें कांग्रेस ने प्राण प्रतिष्ठा समारोह में हिस्सा लेने से मना कर दिया था.
राहुल गांधी को जवाब
राम और “राष्ट्र”
पर “समझौता” नहीं किया जा सकता. @RahulGandhi
— Acharya Pramod (@AcharyaPramodk) February 11, 2024
कांग्रेस ने की कार्रवाई
कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने शनिवार को एक बयान में कहा, "अनुशासनहीनता की शिकायत और पार्टी के खिलाफ बार-बार बयानबाजी को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रमोद कृष्णम को छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित करने के उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रस्ताव को मंजूरी दी है."
आचार्य प्रमोद कृष्णम पिछले कुछ समय से कांग्रेस की नीतियों का काफी विरोध कर रहे थे. इसको ही कांग्रेस कमेटी ने अनुशासनहीनता माना है. अब अटकलें लगाईं जा रही हैं कि पूर्व कांग्रेस नेता बीजेपी का दामन थाम सकते हैं.
(The above story first appeared on LatestLY on Feb 11, 2024 11:11 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

