देश

VIDEO: बिहार के शिवहर में सांप ने डसा तो होमगार्ड जवान ने दिखाई हिम्मत, डब्बे में बंद कर पहुंचा अस्पताल, देखने के बाद मचा हड़कंप

बिहार के शिवहर जिले में एक होमगार्ड जवान ने अदम्य साहस का परिचय दिया है. ड्यूटी से लौटते समय जहरीले सांप द्वारा काटे जाने के बाद, जवान ने सांप को पकड़कर एक डब्बे में बंद किया और इलाज के लिए सीधे सदर अस्पताल पहुंच गया। समय पर उपचार मिलने से जवान की जान बच गई है.

VIDEO: बिहार के शिवहर में सांप ने डसा तो होमगार्ड जवान ने दिखाई हिम्मत, डब्बे में बंद कर पहुंचा अस्पताल, देखने के बाद मचा हड़कंप
(Photo Credits Pixabay)

 पटना: बिहार के शिवहर जिले में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक होमगार्ड जवान ने जहरीले सांप के काटने के बावजूद न केवल अपनी जान बचाई, बल्कि साहस का परिचय देते हुए उस सांप को पकड़कर सुरक्षित अस्पताल तक ले आया. यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है.

क्या थी पूरी घटना?

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिवहर प्रेस क्लब में तैनात होमगार्ड जवान नरेंद्र कुमार शनिवार की शाम ड्यूटी समाप्त कर अपने गांव 'हरपुर रेन' लौट रहे थे। रास्ते में उन्हें अपने पैर पर कुछ रेंगने का एहसास हुआ. जब उन्होंने नीचे देखा तो पाया कि एक जहरीला सांप उनके पैर में लिपटा हुआ है.  यह भी पढ़े:  Snake Bites Son in UP: बांदा में जिस सांप ने बेटे को काटा, पिता उसे डब्बे में बंद कर हॉस्पिटल लेकर पहुंचा, देखकर डॉक्टर भी हैरान

सांप ने डसा तो जवान ने दिखाई हिम्मत

जवान ने सांप को हटाने का प्रयास किया, लेकिन उसी दौरान सांप ने उन्हें डस लिया। ऐसी विकट स्थिति में भी घबराने के बजाय नरेंद्र कुमार ने हिम्मत दिखाई और बड़ी मशक्कत के बाद उस सांप को पकड़ लिया.

अस्पताल में मचा हड़कंप

सांप को एक डब्बे में सुरक्षित रखने के बाद, जवान बिना समय गंवाए सीधे सरोजा सीताराम राजकीय सदर अस्पताल, शिवहर पहुंच गए। जब अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात स्वास्थ्यकर्मियों ने जवान को सांप के डब्बे के साथ आते देखा, तो एक पल के लिए वहां हड़कंप मच गया.

अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों ने तत्काल जवान का इलाज शुरू किया. समय पर एंटी-वेनम और उचित चिकित्सा सहायता मिलने के कारण जवान की जान बच गई. इलाज करने वाले चिकित्सकों ने बताया कि अब नरेंद्र कुमार खतरे से बाहर हैं और उनकी स्थिति सामान्य है.

सुरक्षित छोड़ दिया सांप

अपनी बहादुरी का परिचय देते हुए, उपचार के बाद नरेंद्र कुमार ने उस सांप को डब्बे से बाहर निकाला और अस्पताल परिसर से दूर ले जाकर सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया. फिलहाल, जवान के इस साहसी और सूझबूझ भरे कदम की पूरे जिले में सराहना की जा रही है.

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 13, 2026 02:14 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).