Royal Challengers Bengaluru vs Gujarat Titans, TATA Indian Premier League 2026 Final Match: टाटा इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (Indian Premier League 2026) का विजेता जल्द मिल जाएगा. आईपीएल के इस सीजन में 10 टीमें ट्रॉफी जीतने के लिए जोर लगाई थीं. इस सीजन का फाइनल मुकाबला कल यानी 31 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु बनाम गुजरात टाइटंस (RCB vs GT) के बीच खेला जाएगा. दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला अहमदाबाद (Ahmedabad) के नरेंद्र मोदी स्टेडियम (Narendra Modi Stadium) में भारतीय समयानुसार रात 7:30 बजे से खेला जाएगा. इस सीजन में दोनों टीमों ने धमाकेदार प्रदर्शन किया हैं. ऐसे में दोनों टीमों के बीच एक रोमांचक मुकाबला देखने को मिल सकता है. इस सीजन में आरसीबी की अगुवाई रजत पाटीदार (Rajat Patidar) कर रहे हैं, जबकि गुजरात टाइटंस की कमान शुभमन गिल (Shubman Gill) के कंधों पर है. यह भी पढ़ें: ENG-W vs IND-W, 2nd T20I Stats And Preview: दूसरे टी20 मुकाबले में इंग्लैंड और भारत के बीच होगी कांटे की टक्कर, मैच से पहले जानें स्टैट्स एंड प्रीव्यू
इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का फाइनल मुकाबला क्रिकेट फैंस के लिए बेहद खास होने वाला है. एक तरफ शुभमन गिल की गुजरात टाइटंस दूसरी बार चैंपियन बनने के इरादे से मैदान में उतरेगी, तो दूसरी ओर रजत पाटीदार की रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु लगातार दूसरी बार ट्रॉफी जीतकर इतिहास रचने की कोशिश करेगी. ऐसे में सभी की नजरें इस बात पर भी होंगी कि क्या रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु आईपीएल इतिहास में लगातार दो खिताब जीतने वाली तीसरी टीम बन पाएगी.
टाटा आईपीएल 2026 का फाइनल मुकाबला रविवार, 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा. मैच भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस 7:00 बजे होगा. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने क्वालिफायर-1 में गुजरात टाइटंस को हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की की थी. वहीं गुजरात टाइटंस ने शानदार वापसी करते हुए खिताबी मुकाबले का टिकट हासिल किया.
आईपीएल इतिहास में किन टीमों ने लगातार दो बार जीता खिताब?
आईपीएल के 19 साल के इतिहास में अब तक केवल दो टीमें ही लगातार दो सीजन में चैंपियन बनने का कारनामा कर पाई हैं. इस सूची में चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस का नाम शामिल है.
महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स ने सबसे पहले यह उपलब्धि हासिल की थी. सीएसके ने साल 2010 में मुंबई इंडियंस को हराकर अपना पहला आईपीएल खिताब जीता था. इसके बाद 2011 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को फाइनल में हराकर लगातार दूसरी बार ट्रॉफी अपने नाम की थी.
वहीं मुंबई इंडियंस ने रोहित शर्मा की कप्तानी में यह रिकॉर्ड दोहराया. मुंबई इंडियंस ने 2019 में चौथा आईपीएल खिताब जीता और फिर 2020 में दिल्ली कैपिटल्स को हराकर लगातार दूसरी बार चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया.
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के पास इतिहास रचने का मौका
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु अगर आईपीएल के मौजूदा का फाइनल जीतने में सफल रहती है तो वह लगातार दो सीजन में खिताब जीतने वाली आईपीएल इतिहास की तीसरी टीम बन जाएगी. इससे पहले केवल चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस ही यह उपलब्धि हासिल कर सकी हैं. ऐसे में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के पास खुद को एक खास क्लब में शामिल करने का सुनहरा मौका होगा.
गुजरात टाइटंस दोहरा सकती है 2022 का कमाल
गुजरात टाइटंस ने 2022 में अपने डेब्यू सीजन में ही आईपीएल ट्रॉफी जीतकर इतिहास रच दिया था. इसके बाद 2023 में टीम लगातार दूसरी बार खिताब जीतने के बेहद करीब पहुंची, लेकिन फाइनल की आखिरी गेंद पर चेन्नई सुपर किंग्स के हाथों हार गई.
अब तीन साल बाद गुजरात टाइटंस एक बार फिर फाइनल में पहुंची है और उसके पास दूसरा आईपीएल खिताब जीतने का मौका है. शुभमन गिल की अगुवाई में टीम शानदार लय में नजर आ रही है और घरेलू मैदान पर खिताब जीतने की पूरी कोशिश करेगी.
फाइनल में दांव पर होगा इतिहास
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने वाला यह मुकाबला सिर्फ आईपीएल 2026 का फाइनल नहीं, बल्कि इतिहास रचने का भी मौका होगा. एक तरफ रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु लगातार दूसरी ट्रॉफी जीतकर चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस के खास क्लब में शामिल होना चाहेगी, जबकि गुजरात टाइटंस दूसरी बार चैंपियन बनकर अपनी विरासत को और मजबूत करने की कोशिश करेगी. ऐसे में क्रिकेट फैंस को एक बेहद रोमांचक और यादगार फाइनल मुकाबला देखने को मिल सकता है.
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग इलेवन पर एक नजर (RCB vs GT Final Match Playing Prediction)
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: वेंकटेश अय्यर, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), टिम डेविड, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पांड्या, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड और सुयश शर्मा.
गुजरात टाइटंस: शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, जोस बटलर (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, ग्लेन फिलिप्स, शाहरुख खान, राशिद खान, मोहम्मद सिराज, कगिसो रबाडा, प्रसिद्ध कृष्णा और अशोक शर्मा.
नोट: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु क्रिकेट टीम बनाम गुजरात टाइटंस क्रिकेट टीम के इस मुकाबले का स्कोरकार्ड आप हमारे वेबसाइट पर भी देख सकते हैं.










QuickLY