बिहार विधानसभा चुनाव: गृह मंत्री अमित शाह की बिहार में ऑनलाइन रैली रविवार को, बीजेपी फूंकेगी चुनावी बिगुल
भारतीय जनता पार्टी (BJP) के पूर्व अध्यक्ष और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह रविवार को बिहार में ऑनलाइन रैली करेंगे. इस रैली को इसी साल अक्टूबर-नवंबर में संभावित विधानसभा चुनाव अभियान की शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है. किसी राजनीतिक दल की ओर से डिजिटल माध्यम से हो रहे इस तरह के पहले कार्यक्रम को भाजपा जहां प्रत्येक क्षेत्र में सफल बनाने में जुटी है, वहीं इसे लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह भी है. भाजपा के एक नेता की मानें तो इस रैली के जरिए शाह जहां कार्यर्काओं में जोश भरने की कोशिश करेंगे, वहीं चुनाव जीतने को लेकर टिप्स भी देंगे. इस रैली को लेकर प्रदेश भाजपा मुख्यालय में विशेष इंतजाम किया जा रहा है. कार्यक्रम का संचालन पटना से ही होगा। इस दिन मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष डॉ़ संजय जयसवाल, उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी सहित सभी वरिष्ठ नेताओं के रहने की संभावना है.