Bihar Assembly Election 2020: केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने तेजस्वी यादव पर कसा तंज, कहा- आठवीं पास 'युवराज' बिहार का विकास नहीं, सिर्फ विनाश कर सकते हैं
भाजपा के नेता और केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री अश्विनी चौबे ने बुधवार को राजद नेता तेजस्वी यादव पर कटाक्ष करते हुए कहा कि आठवीं पास 'युवराज' बिहार का विकास नहीं, सिर्फ विनाश कर सकते हैं. उन्होंने कहा कि महागठबंधन में शामिल दलों का इतिहास ही भ्रष्टाचार का रहा है. वे रोजगार क्या देंगे. उन्होंने कहा, "राजद, कांग्रेस एवं इनके सहयोगी दल बिहार की जनता को झांसा देने का काम कर रहे हैं. डबल युवराज को बिहार की जनता ने रिजेक्ट कर दिया है. चौबे ने भोजपुरी गायक दिनेश प्रसाद यादव निरहुआ के साथ सीतामढ़ी, बेनीपट्टी, खजौली और मधुबनी में आयोजित चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि महाकवि विद्यापति, पंडित मंडन मिश्र जैसे महान विद्वान विभूतियों की भूमि कभी भी 'डबल युवराजों' को स्वीकार नहीं कर सकती.