जरुरी जानकारी | सेंसेक्स ने शुरुआती लाभ गंवाया, 52 अंक टूटा, निफ्टी 11,350 से नीचे
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. चीन के साथ सीमा पर तनाव की ताजा खबरों के बीच स्थानीय शेयर बाजारों ने मंगलवार को अपना शुरुआती लाभ गंवा दिया और ये मामूली नुकसान के साथ बंद हुए।
मुंबई, आठ सितंबर चीन के साथ सीमा पर तनाव की ताजा खबरों के बीच स्थानीय शेयर बाजारों ने मंगलवार को अपना शुरुआती लाभ गंवा दिया और ये मामूली नुकसान के साथ बंद हुए।
कारोबारियों ने कहा कि रुपये में गिरावट और वृहद आर्थिक मोर्चे पर अनिश्चितता की वजह से भी निवेशकों ने सतर्कता बरती।
यह भी पढ़े | Dr Tsering Landol: लद्दाख की पहली महिला डॉक्टर, माइनस 35 डिग्री तापमान में करती थीं मरीजों की सेवा.
बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स की शुरुआत उतार-चढ़ाव भरे कारोबार के साथ हुई। दोपहर के कारोबार में सेंसेक्स मजबूत हुआ। लेकिन कारोबार के अंतिम घंटे में बिकवाली का सिलसिला चलने से अंत में सेंसेक्स 51.88 अंक या 0.14 प्रतिशत के नुकसान के साथ 38,365.35 अंक पर बंद हुआ।
इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 37.70 अंक या 0.33 प्रतिशत के नुकसान से 11,317.35 अंक पर बंद हुआ।
यह भी पढ़े | उत्तर प्रदेश: डॉक्टर कफील खान कांग्रेस के करीब, पार्टी में हो सकते हैं शामिल.
सेंसेक्स की कंपनियों में टाटा स्टील का शेयर सबसे अधिक 4.13 प्रतिशत के नुकसान में रहा। भारती एयरटेल, एक्सिस बैंक, ओएनजीसी, सन फार्मा, एनटीपीसी तथा एसबीआई के शेयर भी नीचे आए।
वहीं दूसरी ओर एचसीएल टेक, इन्फोसिस, रिलायंस इंडस्ट्रीज, टीसीएस, आईसीआईसीआई बैंक और टेक महिंद्रा के शेयर 2.26 प्रतिशत तक चढ़ गए।
वृहद आर्थिक मोर्चे पर रेटिंग एजेंसियों फिच तथा इंडिया रेटिंग्स ने चालू वित्त वर्ष में भारतीय अर्थव्यवस्था में गिरावट के अपने अनुमान को बढ़ा दिया है। इस बीच, सेना ने कहा है कि चीन के सैनिकों ने सोमवार रात को हवा में गोलियां चलाईं तथा पूर्वी लद्दाख में हमारे अग्रिम ठिकाने तक आने की कोशिश की।
इससे पहले चीन की सेना (पीएलए) ने सोमवार देर रात को आरोप लगाया था कि भारतीय सैनिकों ने वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) का उल्लंघन किया और पूर्वी लद्दाख में पेगोंग झील के पास चेतावनी देने के लिए गोलियां चलाईं।
रेलिगेयर ब्रोकिंग के उपाध्यक्ष-शोध अजित मिश्रा ने कहा, ’‘उतार-चढ़ाव के बीच बाजार नुकसान के साथ बंद हुए। हालांकि, शुरुआत में बाजार लाभ में थे, लेकिन अंतिम घंटे में रुख पलट गया। भारत-चीन के बीच तनाव बढ़ने की खबरों से अंतिम घंटे में जबर्दस्त बिकवाली चली। इसके अलावा वैश्विक बाजारों में बिकवाली तथा बैंकिंग शेयरों में गिरावट से भी बाजार धारणा प्रभावित हुई।’’
बीएसई मिडकैप और स्मॉलकैप में 1.49 प्रतिशत तक की गिरावट आई। वैश्विक बाजारों में मिलाजुला रुख था। निवेशकों को इस सप्ताह यूरोपीय केंद्रीय बैंक से नीतिगत संकेतों का इंतजार है।
अन्य एशियाई बाजारों में चीन का शंघाई कम्पोजिट, हांगकांग का हैंगसेंग, दक्षिण कोरिया का कॉस्पी तथा जापान का निक्की लाभ के साथ बंद हुए।
वैश्विक वायदा बाजार में ब्रेंट कच्चा तेल 1.69 प्रतिशत के नुकसान से 41.30 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 25 पैसे टूटकर 73.60 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Sep 08, 2020 06:06 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

