गोवा में संक्रमण के 11 नये मामले सामने आये, कुल मामले बढ़कर 37 हुए
राज्य के स्वास्थ्य मंत्री विश्वजीत राणे ने बताया कि नये मरीजों में नौ वे व्यक्ति शामिल हैं जो मुम्बई से एक ट्रेन में रविवार को गोवा पहुंचे थे। साथ ही, इसमें वह महिला भी शामिल है जो अपनी कार में इस तटवर्ती राज्य आयी थी और उसे वास्को में पृथक किया गया है।
पणजी, 18 मई गोवा में कोविड-19 के 11 और मामले सामने आने के साथ ही सोमवार को राज्य में ऐसे मरीजों की संख्या बढ़कर 37 हो गई जिनका अभी इलाज चल रहा है। कोविड-19 के नये मामलों में एक औद्योगिक श्रमिक और एक महिला का मामला शामिल है। यह जानकारी अधिकारियों ने दी।
राज्य के स्वास्थ्य मंत्री विश्वजीत राणे ने बताया कि नये मरीजों में नौ वे व्यक्ति शामिल हैं जो मुम्बई से एक ट्रेन में रविवार को गोवा पहुंचे थे। साथ ही, इसमें वह महिला भी शामिल है जो अपनी कार में इस तटवर्ती राज्य आयी थी और उसे वास्को में पृथक किया गया है।
उन्होंने बताया कि एक औद्योगिक श्रमिक भी संक्रमित पाया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि श्रमिक को गोवा राज्य उद्योग संघ (जीएसएआई) के लाइसेंस के तहत बाहर से राज्य में लाया गया था और उसे अन्य के साथ दक्षिण गोवा के वरना स्थित एक होटल में पृथक किया गया था।
उन्होंने बताया कि ट्रूनैट (त्वरित) जांच में सभी 11 व्यक्ति संक्रमित पाये गए।
राणे ने बताया कि श्रमिक को दक्षिण गोवा में मडगांव नगर स्थित एक कोविड-19 अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वह ऐसा चौथा औद्योगिक श्रमिक है जो पिछले तीन दिनों में गोवा में इस वायरस से संक्रमित पाया गया है। दो श्रमिक रविवार को जबकि एक शनिवार को कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया था।
स्वास्थ्य विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि औद्योगिक गतिविधि बहाल करने की प्रक्रिया के तहत जीएसआईए गोवा के बाहर से श्रमिकों को लाया है और उन्हें विभिन्न स्थलों पर भेजने से पहले एहतियात के तौर पर पृथक इकाइयों में रखा गया है।
स्वास्थ्य विभाग के बुलेटिन के अनुसार, मुम्बई-गोवा ट्रेन से यहां पहुंचे करीब 456 यात्रियों की रविवार से दक्षिण गोवा जिले के मडगांव के हॉस्पिसियो अस्पताल में स्थापित प्रयोगशाला में जांच की गई है।
रविवार तक राज्य में ऐसे मरीजों की संख्या 26 थी जिनका इलाज चल रहा था लेकिन सोमवार सुबह 11 नये मामले सामने आये, इससे ऐसे मरीजों की संख्या बढ़कर 37 हो गई।
राणे ने कहा, ‘‘इन सभी मरीजों को मडगांव में विशेष कोविड-19 अस्पताल में भर्ती कराया गया है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘अभी तक मुम्बई-गोवा ट्रेन के 12 यात्री कोरोना वायरस से संक्रमित पाये गए हैं।’’
इससे पहले दिल्ली-तिरुवनंतपुरम विशेष एसी ट्रेन में शनिवार को गोवा की यात्रा करने वाले छह यात्री संक्रमित पाये गए थे।
एक मई को गोवा को तब ग्रीन जोन घोषित कर दिया गया था जब राज्य में पहले पाये गए कोविड-19 के सभी सात मरीज ठीक हो गए थे।
हालांकि इस तटवर्ती राज्य में पिछले कुछ दिनों में मामलों की संख्या में बढ़ोतरी देखी गई है।
मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने रविवार को दावा किया कि राज्य में अब तक कोविड-19 का सामुदायिक प्रसार नहीं हुआ है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 18, 2020 07:11 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

