Milk Can Stuck Man Head: राजस्थान के अलवर जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहाँ के अकबरपुर थाना क्षेत्र के माधोगढ़ गांव में एक युवक तपती गर्मी से बचने के चक्कर में एक बड़ी मुसीबत में फंस गया. युवक ने धूप से बचने के लिए 15 लीटर का दूध का खाली ड्रम (Milk Can) अपने सिर पर रख लिया था, जो उसके सिर में इस तरह फंसा कि उसे निकालने के लिए लोहे काटने वाली मशीन का सहारा लेना पड़ा. इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
2 घंटे तक चला संघर्ष
पीड़ित युवक की पहचान कालूराम रायबारी के रूप में हुई है. रिपोर्ट के अनुसार, कालूराम गेहूं बांटने के लिए घर से निकला था. धूप तेज होने के कारण उसने पास ही रखे एक खाली ड्रम को हेलमेट की तरह सिर पर पहन लिया. लगभग 10 किलो वजन वाला यह ड्रम उसके सिर में बुरी तरह फंस गया. करीब दो घंटे तक कालूराम और स्थानीय लोगों ने इसे निकालने की कोशिश की, लेकिन कामयाबी नहीं मिली. युवक को सांस लेने में भी दिक्कत होने लगी थी. यह भी पढ़े: Viral Video: भीषण गर्मी से भैंसों को बचाने का तगड़ा जुगाड़, शख्स ने तबेले में लगा दिए दो-दो एसी, देखें वीडियो
गर्मी से बचाने का जुगाड़ पड़ा भारी
In a bizarre incident in Madhogarh village, Rajasthan, a man ended up with a milk can stuck on his head while trying to beat the heat and shoot a reel. Locals eventually removed it after much effort, and the video has since gone viral.#Rajasthan #ViralVideo #BizarreNews… pic.twitter.com/uAfpJZ9Qej
— IndiaToday (@IndiaToday) April 25, 2026
हार्डवेयर की दुकान पर हुआ जोखिम भरा रेस्क्यू
जब ड्रम नहीं निकला, तो परिजन उसे पास की एक हार्डवेयर की दुकान पर ले गए. शुरुआत में दुकानदार ग्राइंडर मशीन चलाने से हिचकिचा रहा था, क्योंकि ड्रम और युवक के सिर के बीच जगह बहुत कम थी. थोड़ी सी भी चूक युवक के लिए जानलेवा साबित हो सकती थी.
अंत में, युवक की बिगड़ती हालत देख दुकानदार ने जोखिम उठाया. पहले ड्रम और सिर के बीच किसी तरह थोड़ी जगह बनाई गई, फिर कालूराम को एक विशेष स्थिति में लिटाया गया. इसके बाद ग्राइंडर मशीन की मदद से बेहद सावधानी के साथ लोहे के ड्रम को काटकर हटाया गया.
सोशल मीडिया और लापरवाही का सबक
कड़ी मशक्कत के बाद कालूराम को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. हालांकि उसे कुछ मामूली खरोंचें आई हैं, लेकिन वह पूरी तरह सुरक्षित है. कुछ स्थानीय लोगों का कहना है कि वह सोशल मीडिया के लिए रील बनाने की कोशिश कर रहा था, जबकि परिजनों ने इसे गर्मी से बचाव का प्रयास बताया है.
यह घटना इस बात का उदाहरण है कि बिना सोचे-समझे किए गए सुरक्षा के जुगाड़ या रील बनाने का शौक कभी-कभी जान के लिए खतरा बन सकता है. अलवर की इस घटना ने जहाँ लोगों को हैरान किया है, वहीं सोशल मीडिया पर इसे लेकर काफी चर्चा हो रही है.












QuickLY