जरुरी जानकारी

Facts Check: क्या 2026 तक बंद हो जाएंगे 500 रुपये के नोट? जानिए वायरल वीडियो की सच्चाई

सोशल मीडिया पर चल रही नोटबंदी की खबरें पूरी तरह से झूठी और गुमराह करने वाली हैं. पीआईबी फैक्ट चेक ने स्पष्ट किया है, कि इस तरह का कोई निर्णय नहीं लिया गया है, और 500 रुपये का नोट पूरी तरह वैध और चलन में है.

Facts Check: क्या 2026 तक बंद हो जाएंगे 500 रुपये के नोट? जानिए वायरल वीडियो की सच्चाई
PIB Fact Check Has Said That The Viral Message About Demonetisation Of Rs 500 Notes Is Completely False And Misleading.

सोशल मीडिया और खासकर व्हाट्सएप (WhatsApp) पर इन दिनों एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया गया है. कि भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) मार्च 2026 तक 500 रुपये के नोट बंद करने जा रहा है. मैसेज में आगे यह भी लिखा है, कि आरबीआई ने सभी बैंकों को निर्देश दिया है, कि वह अपने एटीएम (ATM) से धीरे-धीरे 500 रुपये के नोट देना बंद कर दें और इसकी जगह सिर्फ 100 और 200 रुपये के नोट ही ग्राहकों को दें.

इस वीडियो को हजारों  कई बार फॉरवर्ड किया जा चुका है, और इसके चलते आम लोगों के बीच कन्फ्यूजन और घबराहट बढ़ गई है. मैसेज में यहां तक कहा गया है, कि लोग अभी से अपने पास मौजूद 500 रुपये के नोट को ‘लिक्विडेट’ (Liquidate) यानी खर्च करना या बदलना शुरू कर दें, क्योंकि बाद में यह नोट चलन से बाहर हो जाएगा.

पीआईबी फैक्ट चेक ने किया दावे को खारिज

इस वायरल दावे पर अब सरकार की ओर से भी जवाब आ गया है. रिपोर्ट के आ अनुसार, पीआईबी फैक्ट चेक (PIB Fact Check) ने इस वीडियो को पूरी तरह से झूठा और गुमराह करने वाला बताया है. पीआईबी ने साफ कहा कि आरबीआई ने ऐसा कोई आदेश नहीं दिया है, और 500 रुपये का नोट पूरी तरह से वैध और चलन में है.

पीआईबी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा, ‘ऐसी फर्जी खबरों पर भरोसा न करें. किसी भी सूचना को शेयर या फॉरवर्ड करने से पहले उसकी सत्यता सरकारी स्रोतों से जरूर जांचें.’

क्या है इस अफवाह की असली वजह?

सूत्रों के अनुसार, इस अफवाह की जड़ एक असली आरबीआई सर्कुलर हो सकता है, जो अप्रैल में जारी किया गया था. उस सर्कुलर में आरबीआई ने बैंकों और व्हाइट लेबल एटीएम ऑपरेटर्स (WLAOs) को छोटे नोटों जैसे कि 100 और 200 रुपये के नोट की उपलब्धता बढ़ाने को कहा था. लेकिन इस सर्कुलर का मतलब यह बिल्कुल नहीं था कि 500 रुपये के नोट बंद किए जा रहे हैं, या उनकी सप्लाई खत्म हो रही है. इसका मकसद सिर्फ यह था कि आम लोगों को एटीएम से छोटे नोट भी आसानी से मिल सकें.

क्या 500 का नोट बंद होगा?

जिन लोगों के मन में यह सवाल है, कि क्या वाकई 500 रुपये का नोट आने वाले सालों में बंद हो जाएगा, उनके लिए साफ जानकारी यह है, कि आरबीआई ने अभी तक ऐसा कोई फैसला नहीं लिया है. और जब तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं होती, तब तक 500 रुपये का नोट पूरी तरह से वैध और सुरक्षित है.

फिलहाल 500 रुपये के नोट को लेकर घबराने की कोई जरूरत नहीं है, यह पूरी तरह से चलन में है, और आप इसका इस्तेमाल पहले की तरह कर सकते हैं.

व्हाट्सएप पर आई हर खबर पर न करें भरोसा

आज के डिजिटल जमाने में रोजाना कई मैसेज और वीडियो वायरल होते हैं, लेकिन जरूरी नहीं कि हर खबर सही हो. अगर आपको कोई ऐसा मैसेज या वीडियो मिले जिसमें कहा गया हो कि नोट बंद होने वाले हैं, या कोई नया नियम लागू हो गया है, तो घबराएं नहीं, पहले उसकी पुष्टि अधिकारिक स्रोतों से जरूर करें. अफवाहों से बचें, सतर्क रहें, और कोई भी जानकारी शेयर करने से पहले उसकी सच्चाई जरुर जान लें.

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 18, 2025 10:07 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).