Tamil Nadu Election Results 2026: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों के शुरुआती रुझानों ने राज्य के राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज कर दी है. अभिनेता से राजनेता बने जोसेफ विजय की पार्टी 'तमिलगा वेत्री कड़गम' (TVK) ने ऐतिहासिक बढ़त हासिल करते हुए 100 सीटों का आंकड़ा पार कर लिया है. ताजा रुझानों के अनुसार, AIADMK 68 सीटों के साथ दूसरे स्थान पर बनी हुई है. इस बड़ी सफलता के बाद चेन्नई स्थित विजय के आवास के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं.
विजय के घर के बाहर सुरक्षा घेरा सख्त
जैसे ही टीवी चैनलों और चुनाव आयोग की वेबसाइट पर TVK की 100 सीटों पर बढ़त की खबर आई, विजय के प्रशंसकों और पार्टी कार्यकर्ताओं का हुजूम उनके घर के बाहर जुटना शुरू हो गया. स्थिति को देखते हुए चेन्नई पुलिस ने अभिनेता के घर के आसपास अतिरिक्त बैरिकेड्स लगा दिए हैं और दंगारोधी वाहनों की तैनाती की गई है. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि समर्थक जीत के जश्न में डूबे हैं और 'थलपति' के नारे लगा रहे हैं. यह भी पढ़े: Tamil Nadu Election Results 2026: अभिनेता से नेता बने जोसेफ विजय की पार्टी TVK का तमिलनाडु में ऐतिहासिक प्रदर्शन, 100 सीटों पर बढ़त के साथ सबको चौंकाया
अभिनेता के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई
तमिलनाडु में चुनाव परिणामों के बीच अभिनेता Vijay के आवास पर सुरक्षा बढ़ाई गई है।
चुनाव में सबसे बड़ी ताकत जनता होती है।
कुर्सियाँ बदलती रहती हैं… फैसला हमेशा जनता ही करती है। pic.twitter.com/H3tgaKggV8
— Insight News India (@InsightNIndia) May 4, 2026
द्रविड़ किलों में 'विजय' की सेंध
रुझानों में सबसे चौंकाने वाली बात सत्ताधारी DMK का तीसरे नंबर पर खिसकना है. मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन की सीट समेत कई वीवीआईपी सीटों पर TVK के उम्मीदवार बढ़त बनाए हुए हैं. राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि विजय की पार्टी ने न केवल युवाओं के वोट हासिल किए हैं, बल्कि द्रविड़ पार्टियों के पारंपरिक वोट बैंक में भी बड़ी सेंध लगाई है. 118 के बहुमत के आंकड़े की ओर TVK के बढ़ते कदम संकेत दे रहे हैं कि तमिलनाडु में एक नए युग की शुरुआत हो सकती है.
AIADMK और अन्य का हाल
विपक्ष की भूमिका में रही AIADMK फिलहाल 68 सीटों पर आगे चल रही है. पार्टी के बड़े नेताओं का कहना है कि वे अभी भी अंतिम नतीजों का इंतजार कर रहे हैं. दूसरी ओर, सत्ताधारी DMK 40 से 45 सीटों के बीच संघर्ष करती नजर आ रही है. चुनाव के दौरान विजय ने 'भ्रष्टाचार मुक्त' और 'जन-केंद्रित' राजनीति का जो वादा किया था, उसका असर अब जमीन पर स्पष्ट दिख रहा है.
जश्न और सावधानी
मतगणना केंद्रों के बाहर भी TVK कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी शुरू कर दी है. हालांकि, प्रशासन ने किसी भी संभावित झड़प को रोकने के लिए राज्य भर में धारा 144 जैसे कड़े प्रतिबंधों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं. विजय ने स्वयं अपने कार्यकर्ताओं से शांति बनाए रखने और आधिकारिक जीत की घोषणा तक संयम बरतने की अपील की है.
रुझानों की ताजा स्थिति:
-
TVK (विजय): 100 सीटें.
-
AIADMK: 68 सीटें.
-
DMK+: 44 सीटें.
-
अन्य: 22 सीटें.
(नोट: यह रुझान पल-पल बदल रहे हैं. अंतिम परिणामों की पुष्टि चुनाव आयोग द्वारा मतगणना पूरी होने के बाद ही की जाएगी.)












QuickLY