चेन्नई, 8 मई: तमिलनाडु (Tamil Nadu) की राजनीति में तीन दशकों से चले आ रहे DMK और AIADMK के दबदबे को चुनौती देते हुए अभिनेता विजय (Actor Vijay) की पार्टी 'तमिलगा वेत्री कड़गम' (Tamizhaga Vettri Kazhagam) (TVK) सत्ता के शिखर पर पहुंचने के लिए तैयार है. हालिया चुनाव में 108 सीटें जीतकर सबसे बड़े दल के रूप में उभरी TVK अब गठबंधन के जरिए बहुमत का जादुई आंकड़ा जुटाने की कोशिश में है. राज्य में पैदा हुए त्रिशंकु विधानसभा के हालात के बीच छोटी पार्टियां किंगमेकर की भूमिका में आ गई हैं. यह भी पढ़ें: Tamil Nadu Government Formation 2026: तमिलनाडु में बहुमत की तलाश में विजय की राज्यपाल से दूसरे दौर की मुलाकात; शपथ ग्रहण टला (Watch Video)
गठबंधन का गणित और बहुमत की चुनौती
234 सदस्यीय तमिलनाडु विधानसभा में बहुमत के लिए 118 सीटों की आवश्यकता है. विजय की पार्टी TVK ने 108 सीटों पर जीत दर्ज की है, लेकिन विजय द्वारा दो में से एक सीट छोड़ने के फैसले के बाद प्रभावी संख्या 107 रह गई है. 5 सीटों वाली कांग्रेस ने पहले ही TVK को समर्थन देने का फैसला किया है, जिससे इस गठबंधन का आंकड़ा 112 तक पहुंच गया है। अब बहुमत के लिए उन्हें केवल 6 और विधायकों की जरूरत है.
वामपंथी दलों और VCK की भूमिका
DMK गठबंधन के पुराने साथी अब पाला बदलने पर विचार कर रहे हैं. भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI) दोनों के पास 2-2 विधायक हैं। CPI(M) नेता पी. शनमुगम ने पुष्टि की है कि उन्हें विजय की ओर से समर्थन के लिए पत्र मिला है, जिस पर शुक्रवार को राज्य समिति की बैठक में फैसला होगा. शनमुगम ने यह भी कहा कि संवैधानिक रूप से राज्यपाल को सबसे बड़े दल के नेता विजय को ही सरकार बनाने के लिए आमंत्रित करना चाहिए.
वहीं, 2 सीटों वाली VCK (विदुथलाई चिरुथैगल कात्ची) ने भी आज शाम अपनी उच्च स्तरीय समिति की बैठक बुलाई है. यदि ये तीनों दल (कुल 6 विधायक) TVK के साथ आते हैं, तो विजय का गठबंधन 118 के बहुमत के आंकड़े को छू लेगा. यह भी पढ़ें: तमिलनाडु में सत्ता का संघर्ष: बहुमत से दूर विजय की TVK; कांग्रेस के समर्थन के बाद भी राज्यपाल असमंजस में
AIADMK और BJP की रणनीति
दूसरी तरफ, 47 सीटों के साथ तीसरी सबसे बड़ी पार्टी बनी AIADMK भी चुप नहीं बैठी है. पार्टी महासचिव एडप्पादी के. पलानीस्वामी के आवास पर लगातार बैठकें हो रही हैं, ताकि किसी अन्य गठबंधन की संभावना तलाशी जा सके भारतीय जनता पार्टी (BJP) भी प्रदेश अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन के नेतृत्व में चुनावी नतीजों और भविष्य की र.णनीति पर चर्चा के लिए चेन्नई स्थित मुख्यालय 'कमलालयम' में परामर्श बैठक करने जा रही है.
ऐतिहासिक सत्ता परिवर्तन की आहट
तमिलनाडु के चुनावी इतिहास में यह एक बड़ा मोड़ है जहाँ किसी तीसरी शक्ति ने द्रविड़ राजनीति के दोनों दिग्गजों (DMK और AIADMK) को पीछे छोड़ दिया है. विजय के नेतृत्व में नई सरकार के गठन की संभावनाएं प्रबल होती दिख रही हैं, लेकिन अंतिम फैसला आज शाम और कल होने वाली विभिन्न दलों की बैठकों के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा.












QuickLY