Mumbai Road Accident: मालाड ईस्ट में दर्दनाक हादसा, BEST बस की चपेट में आने से 9 वर्षीय बच्चे की मौत
मुंबई के मालाड ईस्ट में एक दर्दनाक सड़क हादसे में नौ वर्षीय बच्चे की बेस्ट (BEST) बस की चपेट में आने से मौत हो गई. पुलिस ने आरोपी बस चालक को गिरफ्तार कर लिया है.
Mumbai Road Accident: बई के मालाड ईस्ट इलाके में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है. शुक्रवार सुबह एक बेस्ट (BEST) बस ने साइकिल को टक्कर मार दी, जिससे उस पर सवार नौ वर्षीय बच्चे की कुचलकर मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए आरोपी बस चालक को गिरफ्तार कर लिया है. यह घटना उस समय हुई जब बच्चा अपने चचेरे भाई के साथ साइकिल पर लौट रहा था.
नानी के घर से लौटते समय हुआ हादसा
मृतक बच्चे की पहचान रूपेश धोत्रे (9 वर्ष) के रूप में हुई है. पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रूपेश अपने 14 वर्षीय चचेरे भाई के साथ साइकिल पर पीछे बैठकर जा रहा था. यह हादसा सुबह करीब 9 बजे अप्पा पाड़ा रोड पर खाड़ी मशीन इलाके के पास हुआ. दोनों बच्चे अपनी नानी के घर से वापस अपने घर की तरफ लौट रहे थे. यह भी पढ़े: Maharashtra Road Accident: महाराष्ट्र के परभणी-पाथरी हाईवे पर बस और मोटरसाइकिल की आमने-सामने की टक्कर, 4 लोगों की मौत
पिता के सामने हुआ दर्दनाक हादसा
कुरार पुलिस के मुताबिक, पीछे से आ रही बेस्ट बस ने बच्चों की साइकिल को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर लगते ही दोनों बच्चे असंतुलित होकर सड़क पर गिर गए. दुर्भाग्यवश, रूपेश गिरते ही बस के पिछले पहिए की चपेट में आ गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई. इस हादसे की सबसे दुखद बात यह रही कि रूपेश के पिता, जो उनके ठीक पीछे आ रहे थे, वे इस पूरी घटना के चश्मदीद बने.
आरोपी बस चालक गिरफ्तार
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से बच्चे को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. कुरार पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए बस चालक को हिरासत में ले लिया है. आरोपी चालक की पहचान दिलीप गांगड़ (34 वर्ष) के रूप में हुई है, जो गोरेगांव ईस्ट का रहने वाला है. पुलिस ने लापरवाही से वाहन चलाने और दुर्घटना का मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
(The above story first appeared on LatestLY on May 31, 2026 02:24 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

