तत्काल टिकट पर रेलवे का मास्टरस्ट्रोक! ट्रेनों में अब खाली मिल रही सीटें, नए नियम से दलालों की हुई छुट्टी
भारतीय रेलवे ने तत्काल टिकट बुकिंग के नियमों में बड़ा बदलाव किया है, जिसके तहत अब आधार ओटीपी वेरिफिकेशन ज़रूरी होगा और एजेंट शुरुआती 30 मिनट तक बुकिंग नहीं कर पाएंगे. 1 जुलाई 2025 से लागू हुए इन नियमों का असर पहले ही दिन दिखा, जब दिल्ली, वाराणसी और लखनऊ की ट्रेनों में तत्काल सीटें खाली मिलीं, जिससे आम यात्रियों को बड़ी राहत मिली है.
New Tatkal Ticket Booking Rules 2025: भारतीय रेलवे ने तत्काल टिकट बुकिंग के नियमों में एक बड़ा बदलाव किया है. 1 जुलाई 2025 से लागू हुए इन नए नियमों का असर पहले ही दिन से दिखना शुरू हो गया है. अब दिल्ली से वाराणसी, लखनऊ और बिहार जाने वाली ट्रेनों में भी तत्काल कोटे में सीटें खाली देखने को मिलीं, जो पहले मिनटों में ही खत्म हो जाती थीं.
क्या है नया नियम?
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने घोषणा की थी कि अब तत्काल टिकट सिर्फ आधार ओटीपी ऑथेंटिकेशन के ज़रिए ही बुक हो पाएंगे. इसका मकसद तत्काल टिकट बुकिंग को और पारदर्शी बनाना और ज़रूरतमंद यात्रियों को प्राथमिकता देना है.
नए नियम के कुछ खास बातें:
- आधार ज़रूरी: IRCTC की वेबसाइट या ऐप से तत्काल टिकट बुक करने के लिए अब आपका आधार सत्यापित होना ज़रूरी है.
- एजेंटों पर पाबंदी: एजेंट बुकिंग के लिए भी ओटीपी आधारित आधार वेरिफिकेशन ज़रूरी है. साथ ही, बुकिंग शुरू होने के पहले 30 मिनट तक एजेंट तत्काल टिकट बुक नहीं कर पाएंगे.
- AC क्लास: आम यात्री सुबह 10:00 बजे से, एजेंट 10:30 बजे के बाद.
- Non-AC क्लास: आम यात्री सुबह 11:00 बजे से, एजेंट 11:30 बजे के बाद.
- काउंटर पर भी आधार: 15 जुलाई 2025 से काउंटर या एजेंट के ज़रिए टिकट बुक कराने पर भी आधार अनिवार्य होगा.
- प्रीमियम तत्काल पर भी लागू: ये नए नियम तत्काल और प्रीमियम तत्काल दोनों तरह की बुकिंग पर लागू होंगे.
क्या फर्क आया?
इस बदलाव का सबसे बड़ा असर दलालों और फर्जी बुकिंग पर पड़ा है. सोशल मीडिया पर कई यात्रियों ने इसे लेकर खुशी जताई है. जहां पहले कुछ ही टिकट बन पाते थे, वहीं अब दोगुने तक टिकट बुक हो पा रहे हैं. हालांकि, शुरुआत में ऑनलाइन टिकट बुक करने में थोड़ी परेशानी आ रही है.
यात्रियों की प्रतिक्रियाएं:
- @Sk90official: "रेलवे ने कमाल कर दिया. जो तत्काल टिकट 2 मिनट में खत्म हो जाती थी, आज 4 बजे भी सीटें बची हैं. मतलब साफ है- अब दलाली नहीं चल रही."
- @AnujSin32259370: "आज पहली बार तत्काल टिकट, वो भी 9 मिनट बाद बुक की और 98 सीटें उपलब्ध थीं. वाकई ये आधार OTP वेरिफिकेशन बहुत अच्छा फैसला है."
- @akkiahmad91: "आज पहली बार तत्काल टिकट उपलब्ध बता रहा है. वाकई में ये अच्छा काम हुआ है- आधार ओटीपी वेरिफिकेशन करने का."
- @realravi45: "पहली बार अपने जीवन में तत्काल कन्फर्म टिकट #railoneapp से कर पाया हूं. वो भी Busy Route पर- Pune To Danapur... अभी तक मेरा अनुभव इस ऐप के लिए बेहतरीन रहा. अगर ऐसा ही रहा ये Application तो रेलवे का ये सुधार अच्छा है."
रेलवे का क्या कहना है?
रेल मंत्रालय का कहना है कि ये बदलाव आम यात्रियों को प्राथमिकता देने के लिए किए गए हैं. पहले एजेंट और दलाल मिनटों में टिकट बुक कर लेते थे, जिससे ज़रूरतमंदों को टिकट नहीं मिल पाता था. अब आधार वेरिफिकेशन और एजेंटों पर लगे समयबद्ध प्रतिबंध से यह व्यवस्था ज़्यादा निष्पक्ष और पारदर्शी हो गई है.
पहले दिन देखा गया कि IRCTC की वेबसाइट पर तत्काल टिकटों की बुकिंग कम हुई, लेकिन रेलवे काउंटरों पर ज़्यादा भीड़ दिखी, क्योंकि अब बिना आधार OTP के टिकट बुक करना मुमकिन नहीं है.
IRCTC पर आधार सत्यापन कैसे करें?
IRCTC पर अपने आधार को सत्यापित करना बहुत आसान है:
- IRCTC वेबसाइट या ऐप खोलें.
- अपने रजिस्टर्ड यूज़रनेम और पासवर्ड से लॉग इन करें.
- 'प्रोफाइल' टैब पर क्लिक करें और 'लिंक आधार' विकल्प चुनें.
- अपना आधार नंबर और नाम बिल्कुल वैसे ही डालें जैसा आपके आधार कार्ड पर है.
- सहमति वाले चेकबॉक्स पर टिक करें और Send OTP पर क्लिक करें.
- आपके आधार से लिंक मोबाइल नंबर पर एक ओटीपी आएगा.
- ओटीपी डालें और Verify OTP पर क्लिक करें.
- सत्यापन पूरा होने के बाद आप तत्काल टिकट बुक कर पाएंगे.
तत्काल टिकट और प्रीमियम तत्काल टिकट क्या हैं?
तत्काल टिकट:
- क्या है: यह उन यात्रियों के लिए है जिन्हें अचानक या इमरजेंसी में यात्रा करनी होती है.
- बुकिंग समय: AC क्लास के लिए एक दिन पहले सुबह 10 बजे और Non-AC क्लास के लिए सुबह 11 बजे बुकिंग शुरू होती है.
- चार्ज: बेस किराए के अलावा ₹100 से ₹500 तक अतिरिक्त तत्काल शुल्क लगता है.
- रिफंड: कन्फर्म तत्काल टिकट का रिफंड नहीं मिलता है.
प्रीमियम तत्काल टिकट:
- क्या है: यह तत्काल टिकट का ही एक एडवांस रूप है जिसमें डायनामिक प्राइसिंग (मांग के हिसाब से कीमत बदलना) लागू होती है, जैसे फ्लाइट के टिकटों में होता है.
- बुकिंग: इसकी बुकिंग केवल IRCTC पर ऑनलाइन होती है, एजेंट या काउंटर से नहीं.
- किराया: शुरुआत में किराया सस्ता होता है, लेकिन सीटें कम होने पर महंगा होता जाता है.
- उपलब्धता: यह सिर्फ कुछ चुनिंदा ट्रेनों में ही उपलब्ध होता है.
यह नया बदलाव निश्चित रूप से यात्रियों के लिए राहत लेकर आया है और रेलवे की सेवाओं में पारदर्शिता लाने में मदद करेगा.
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 02, 2025 12:11 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

