Mumbai: बॉलीवुड में खौफ का माहौल! रोहित शेट्टी-रणवीर सिंह के बाद अब Salman Khan के करीबी को धमकी, करोड़ों की फिरौती की मांग
बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के एक करीबी रिश्तेदार को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर धमकी भरा ईमेल मिला है, जिसमें करोड़ों रुपये की फिरौती मांगी गई है. इस घटना के बाद मुंबई पुलिस सतर्क हो गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है.
मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान (Salman Khan) और उनके करीबियों पर मंडराता खतरों का साया कम होने का नाम नहीं ले रहा है. ताजा मामले में सलमान खान के एक बेहद करीबी रिश्तेदार, जो खुद भी फिल्म जगत से जुड़े हैं, उन्हें जान से मारने की धमकी मिली है. अज्ञात हमलावर ने ईमेल के जरिए करोड़ों रुपये की मांग की है. इस धमकी के बाद फिल्म इंडस्ट्री में एक बार फिर दहशत का माहौल है.
बिश्नोई गैंग के नाम पर मिली धमकी
पुलिस सूत्रों के अनुसार, सलमान खान के करीबी को भेजे गए इस ईमेल में खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताया गया है. ईमेल में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि यदि करोड़ों रुपये की मांग पूरी नहीं की गई, तो अंजाम बुरा होगा. हालांकि, अभी तक इस मामले में पीड़ित पक्ष की ओर से कोई आधिकारिक पुलिस शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, लेकिन मुंबई पुलिस ने इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए आंतरिक जांच शुरू कर दी है. यह भीपढ़े: अभिनेता रणवीर सिंह को मिली करोड़ों के एक्सटॉर्शन की धमकी, रोहित शेट्टी के घर फायरिंग के बाद मुंबई पुलिस को बिश्नोई गैंग पर शक (View Post)
रोहित शेट्टी और रणवीर सिंह भी निशाने पर
यह धमकी ऐसे समय में आई है जब हाल ही में बॉलीवुड के अन्य दिग्गजों को भी निशाना बनाया गया है. पिछले हफ्ते मशहूर डायरेक्टर रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग की घटना हुई थी. वहीं, अभिनेता रणवीर सिंह को भी व्हाट्सऐप वॉइस नोट के जरिए इसी तरह की धमकी मिलने की खबरें सामने आई हैं. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या इन सभी धमकियों के पीछे एक ही गिरोह का हाथ है.
सुरक्षा व्यवस्था हुई सख्त
सलमान खान पहले से ही 'Y+' श्रेणी की सुरक्षा घेरे में हैं. बाबा सिद्दीकी की हत्या और गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर हुई पिछली फायरिंग की घटनाओं के बाद उनकी सुरक्षा में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है. अब उनके करीबियों को मिली इस ताजा धमकी के बाद बांद्रा स्थित उनके आवास और शूटिंग लोकेशंस पर निगरानी और भी सख्त कर दी गई है.
जांच में जुटी मुंबई पुलिस
मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच और साइबर सेल इस ईमेल के तकनीकी पहलुओं की जांच कर रही है. पुलिस यह सुनिश्चित करने में जुटी है कि यह किसी शरारती तत्व की हरकत है या वास्तव में इसके तार जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई से जुड़े हैं. अधिकारियों का कहना है कि डिजिटल फुटप्रिंट्स के जरिए धमकी देने वाले की लोकेशन का पता लगाया जा रहा है.
(The above story first appeared on LatestLY on Feb 11, 2026 08:40 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

