जरुरी जानकारी | स्पाइसजेट ने एम्सटर्डम से मुंबई के लिये पूरी की मालवाहक ए340 की पहली उड़ान

मुंबई, 22 अगस्त किफायती विमानन सेवाएं देने वाली कंपनी स्पाइसजेट ने एम्सटर्डम से यहां के लिये ए340 मालवाहक विमान की पहली उड़ान सफलतापूर्वक पूरी कर ली है। ऐसा कर स्पाइसजेट पहली भारतीय विमानन कंपनी बन गयी है, जिसने लंबी दूरी की नॉन-स्टॉप कार्गो सेवा का परिचालन किया है।

कंपनी ने शनिवार को एक बयान में कहा कि वही ए340 मालवाहक विमान शनिवार को मुंबई से सूडान के लिये अगली उड़ान भरेगा।

यह भी पढ़े | Ganesh Chaturthi 2020: अमिताभ बच्चन ने लालबाग के राजा की पुरानी फोटो शेयर कर, बाप्पा का किया स्वागत.

कंपनी के पास नौ मालवाहक विमानों का एक अलग बेड़ा है। इसमें पांच बोइंग 737, तीन बॉमबार्डियर क्यू-400 और एक एयरबस ए340 शामिल है।

बयान में कहा गया, ‘‘स्पाइसजेट ने एयरबस ए340 का इस्तेमाल कर एम्सटर्डम से मुंबई के लिये अपनी पहली लंबी दूरी की मालवाहक उड़ान का शनिवार को परिचालन पूरा किया। यह उड़ान एम्सटर्डम से स्थानीय समय के अनुसार 21 अगस्त को रात 10 गजकर 50 मिनट पर रवाना हुई और शनिवार को सुबह 10 बजकर 54 मिनट पर मुंबई पहुंची। इस पर 14 टन से अधिक माल था।’’

यह भी पढ़े | SP Balasubrahmanyam Health Update: अस्पताल में कोरोना का इलाज करा रहे एस.पी. बालासुब्रमण्यम की हालत नाजुक.

यह विमान अब रविवार को यहां से 40 टन माल के साथ सूडान के खार्तुम के लिये रवाना होगा।

कंपनी ने कहा कि मार्च में शुरू राष्ट्रीय लॉकडाउन के बाद से उसने अभी तक 31,800 टन से अधिक माल की ढुलाई की है। उसने कहा कि तब से अब तक 5,764 मालवाहक उड़ानों का परिचालन किया गया है, जिनके माध्यम से दवाओं, चिकित्सा उपकरणों, फलों व सब्जियों की देश भर में आपूर्ति की गयी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)