एजेंसी न्यूज

16 मार्च की बड़ी खबरें और अपडेट्स

भारत और दुनिया की बड़ी खबरें एक साथ, एक ही जगह पढ़ने के लिए आप सही पेज पर हैं.

16 मार्च की बड़ी खबरें और अपडेट्स
प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credit: Image File)

भारत और दुनिया की बड़ी खबरें एक साथ, एक ही जगह पढ़ने के लिए आप सही पेज पर हैं. इस लाइव ब्लॉग को हम लगातार अपडेट कर रहे हैं, ताकि ताजा खबरें आप तक पहुंचा सकें.इस्राएल ने लेबनान में हिज्बुल्लाह के खिलाफ जमीनी अभियान शुरू किया

चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव और डीजीपी को बदला

डॉनल्ड ट्रंप ने होरमुज का रास्ता खुलवाने के लिए मांगी मदद

अफगान सरकार ने कहा, पाकिस्तानी हमले में चार आम नागरिक मारे गए

'वन बैटल आफ्टर अनदर' ने जीते छह ऑस्कर अवॉर्ड

दुबई और सऊदी अरब पर ईरान का ड्रोन हमला

चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव और डीजीपी को बदला

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनावों की घोषणा करने के बाद चुनाव आयोग ने राज्य की शीर्ष नौकरशाही में बड़ा बदलाव किया है. चुनाव आयोग ने राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) और राजधानी कोलकाता के पुलिस आयुक्त समेत कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को बदला है. इसके अलावा, आयोग ने राज्य के मुख्य सचिव और गृह सचिव के पद पर भी नई नियुक्तियां की हैं.

न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, आयोग ने पीयूष पांडे को हटा कर सिद्ध नाथ गुप्ता को पश्चिम बंगाल का नया पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) नियुक्त किया है. सुप्रतिम सरकार की जगह अजय कुमार नंद को कोलकाता का नया पुलिस कमिश्नर बनाया गया है. नटराजन रमेश बाबू को डीजी (करेक्शनल सर्विसेज), अजय मुकुंद रानाडे को एडिशनल डीजी (लॉ एंड आर्डर) नियुक्त किया गया है.

न्यूज एजेंसी आईएएनएस के मुताबिक, इससे पहले, रविवार रात को आयोग ने पश्चिम बंगाल की मुख्य सचिव नंदिनी चक्रवर्ती और राज्य के गृह सचिव जगदीश प्रसाद मीणा के तबादलों का आदेश दिया. आयोग ने यह भी आदेश दिया कि दोनों अधिकारी किसी भी प्रकार के चुनाव संबंधी कार्य में शामिल नहीं होंगे. दुष्यंत नरियाला ने चक्रवर्ती, और संघमित्रा घोष ने मीणा की जगह ली है.

चुनाव आयोग के इन फैसलों पर राज्य में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस टीएमसी ने नाराजगी जाहिर की है. टीएमसी सांसदों ने इसके विरोध में सोमवार को राज्यसभा से वॉकआउट किया. टीएमसी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर डाले एक पोस्ट में बीजेपी और चुनाव आयोग के बीच मिलीभगत का आरोप लगाया. टीएमसी ने आयोग परवोटर लिस्ट से 63 लाख वोटरों के नाम हटाने का भी आरोप लगाया.

इस्राएल ने लेबनान में हिज्बुल्लाह के खिलाफ जमीनी अभियान शुरू किया

इस्राएल ने सोमवार को कहा कि उसने लेबनान में हिज्बुल्लाह के खिलाफ जमीनी अभियान शुरू किया है. इस बीच इस्राएली सेना के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल एफी डेफरिन ने यह भी कहा है, "ईरान में अभी हजारों ठिकाने निशाने पर हैं और हम हर दिन नये ठिकानों की पहचान कर रहे हैं."

दक्षिणी लेबनान में ईरान समर्थित हिज्बुल्लाह के खिलाफ इस्राएल ने "सीमित जमीनी अभियान" चलाने की बात कही है. इस्राएली सेना ने कहा है, "हाल के दिनों में आईडीएफ की 91वीं डिविजन के सैनिकों ने सीमित और लक्षित जमीनी अभियान दक्षिणी लेबनान में हिज्बुल्लाह के प्रमुख ठिकानों के खिलाफ शुरू किया है." इस्राएली सेना के मुताबिक, "यह कार्रवाई विस्तृत रक्षात्मक कोशिशों का हिस्सा है, ताकि अग्रिम रक्षात्मक व्यवस्था को सुदृढ़ और स्थापित किया जा सके."

इस्राएली सेना की घोषणा बेरूत के दक्षिणी उपनगरों पर ताजा हमलों के कुछ ही घंटे के बाद आई है. इन इलाकों में लाखों लोग रहते हैं और यह हिज्बुल्लाह का गढ़ है.

ईरान समर्थित हिज्बुल्लाह ने ईरान के सुप्रीम लीडर अयातोल्लाह अली खमेनेई की मौत के बाद इस्राएली ठिकानों पर रॉकेट से हमले किए थे, जिसके बाद इस्राएल ने लेबनान में हमले शुरू किए. लेबनान के अधिकारियों का कहना है कि इस्राएली हमलों में मरने वालों की संख्या 850 तक पहुंच गई है. इस बीच 830,000 लोगों ने विस्थापित के रूप में अपना नाम दर्ज कराया है. 130,000 लोग सामुदायिक आश्रयों में रह रहे हैं.

इस्राएल ने 2024 में गाजा युद्ध के दौरान लेबनान में हिज्बुल्लाह के साथ भी युद्ध लड़ा था. नवंबर 2024 में अंतरराष्ट्रीय कोशिशों से युद्धविराम हुआ, हालांकि इस्राएली हवाई हमले इसके बाद भी जारी रहे. हिज्बुल्लाह के साथ युद्ध शुरू होने के बाद इस्राएली सेना लगातार कह रही है कि वह उत्तरी हिस्सों से इस्राएली लोगों को बाहर नहीं निकालेगी जैसा कि 2024 में किया गया था.

'वन बैटल आफ्टर अनदर' ने जीते छह ऑस्कर अवॉर्ड

राजनीति से प्रेरित एक्शन कॉमेडी 'वन बैटल आफ्टर अनदर' ने सिनर्स को पीछे छोड़ कर छह ऑस्कर अवॉर्ड जीते हैं. इसके साथ ही पॉल थॉमस एंडरसन के लिए ऑस्कर का इंतजार खत्म हो गया. रविवार की रात 'वन बैटल आफ्टर अनदर' के लिए पहले वे बेस्ट एडैप्टेड स्क्रीनप्ले, फिर बेस्ट डायरेक्टर और फिर बेस्ट पिक्चर के लिए तीसरी बार पुरस्कार लेने मंच पर आए. उन्हें इससे पहले ऑस्कर में 14 बार नामांकित किया गया था. वन बैटल आफ्टर अनदर ने इसके अलावा बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर, कास्टिंग और फिल्म एडिटिंग के लिए भी अवॉर्ड जीता.

सिनर्स को चार ऑस्कर मिले जिसमें बेस्ट एक्टर के लिए माइकल बी जॉर्डन को मिला अवॉर्ड भी शामिल है. सिनर्स के लिए ऑटम डुराल्ड आर्कापॉ को बेस्ट सिनेमेटोग्राफर का अवॉर्ड मिला है. सिनेमेटोग्राफी के लिए ऑस्कर जीतने वाली वह पहली काली महिला हैं. फ्रांकेस्टाइन को तीन अवॉर्ड मिले. के पॉप डेमन हंटर्स को बेस्ट एनिमेटेड फीचर फिल्म का अवॉर्ड मिला है. इसी फिल्म के "गोल्डन" गाने को भी ऑस्कर पुरस्कार मिला है. जेसी बकले को "हैमनेट" के लिए बेस्ट एक्ट्रेस और एमी मैडगेन को वीपंस के लिए बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस का अवॉर्ड मिला.

दुबई और सऊदी अरब पर ईरान का ड्रोन हमला

सोमवार सुबह दुबई एयरपोर्ट पर एक ड्रोन हमले के बाद तेल के टैंक में आग लग गई. इसके बाद कुछ घंटों के लिए वहां विमानों की आवाजाही बंद कर दी गई. यहां तक कि एयरपोर्ट की ओर जाने वाली सड़क भी कुछ देर के लिए बंद कर दी गई. आग पर काबू पाने के बाद धीरे धीरे विमानों की उड़ान शुरू हो गई है. हालांकि, अभी सेवाएं सीमित हैं और कुछ चुनिंदा शहरों के लिए ही वहां से विमान उड़ान भर रहे हैं.

दुबई एयरपोर्ट दुनिया का सबसे व्यस्त एयरपोर्ट है. यूएई की एयरलाइन एमिरेट्स का कहना है कि आग लगने के बाद उसने सारी उड़ानें रद्द कर दी हैं और यात्रियों को एयरपोर्ट नहीं आने के लिए कहा है. एमिरेट्स के मुताबिक, वह अपनी उड़ानें शुरू करने के लिए अधिकारियों से बातचीत कर रही है.

सोमवार की सुबह ईरान ने कई खाड़ी देशों पर ड्रोन से हमला किया. सऊदी अरब का कहना है कि उसने तीन ड्रोनों को बीच रास्ते में रोका है. रविवार की रात में भी 60 ड्रोनों को रोकने की बात कही गई थी.

अफगान सरकार ने कहा, पाकिस्तानी हमले में चार आम नागरिक मारे गए

अफगानिस्तान के अधिकारियों ने कहा है कि पूर्वी अफगानिस्तान में पाकिस्तानी सेना की गोलीबारी की चपेट में आने से तीन बच्चों और एक महिला की मौत हो गई. रविवार और सोमवार के बीच की रात को हुई गोलीबारी में ये मौतें हुईं. खोस्त प्रांत के सरकारी प्रवक्ता ने न्यूज एजेंसी एएफपी से कहा कि पाकिस्तानी सेना ने रात करीब 12 बजे, गुरबुज जिले के नारी गांव पर मोर्टार के गोले दागे.

प्रवक्ता ने आगे बताया कि बाजार, स्वास्थ्य केंद्र और एक अन्य गांव पर भी गोले दागे गए, जिनमें एक महिला सहित चार लोग घायल हो गए. इनमें से दो की हालत गंभीर है. अफगान अधिकारियों का दावा है कि दोनों देशों के बीच जारी झड़पों के चलते, हफ्ते भर में अफगानिस्तान में 18 आम नागरिकों की जान जा चुकी है. अफगानिस्तान ने इससे पहले पाकिस्तान पर नागरिक इलाकों को निशाना बनाने का आरोप भी लगाया है, जिससे पाकिस्तान ने इनकार किया है.

अफगानिस्तान और पाकिस्तान के रिश्तों में बीते कई महीनों से तनाव बना हुआ है. पाकिस्तान का आरोप है कि अफगानिस्तान, पाकिस्तानी तालिबान (टीटीपी) और इस्लामिक स्टेट (केपी) के उग्रवादियों को अपने यहां शरण देता है. अफगानिस्तान लगातार इन आरोपों से इनकार करता रहा है. पिछले साल अक्टूबर में दोनों देशों के बीच हुई झड़प में भी दर्जनों लोग मारे गए थे.

डॉनल्ड ट्रंप ने होरमुज का रास्ता खुलवाने के लिए मांगी मदद

अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने कहा है कि उन्होंने होरमुज जलडमरुमध्य को खुलवाने के लिए सात देशों से मदद मांगी है. ट्रंप का कहना है कि अमेरिका होरमुज के रास्ते से पेट्रोलियम की ढुलाई के लिए कई देशों से बातचीत कर रहा है. डॉनल्ड ट्रंप का कहना है कि जो देश खाड़ी के देशों से आने वाले तेल पर निर्भर हैं, उनकी जिम्मेदारी है कि वो होरमुज जलडमरुमध्य की सुरक्षा करें. दुनिया में कुल तेल के 20 फीसदी हिस्से की ढुलाई इसी रास्ते से होती है.

डॉनल्ड ट्रंप ने कहा, "मैं इन देशों से यहां आने और अपने इलाके की रक्षा करने की मांग करता हूं क्योंकि यह उनका इलाका है. यह वो जगह है जहां से उन्हें ऊर्जा मिलती है." ट्रंप के मुताबिक, उन्होंने पहले ही सात देशों से बात की है. हालांकि, उन्होंने इन देशों के नाम नहीं बताए. सप्ताहांत पर एक सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने उम्मीद जताई कि चीन, फ्रांस, जापान, दक्षिण कोरिया, ब्रिटेन और दूसरे देश इसमें शामिल होंगे.

जापान की प्रधानमंत्री ट्रंप की प्रबल समर्थक हैं. सोमवार को उन्होंने कहा कि मध्य पूर्व में तेल की ढुलाई करने वाले जहाजों के साथ नौसेना के जहाज भेजने की उनकी कोई योजना नहीं है. जापान अपना 95 फीसदी तेल खाड़ी के देशों से ही हासिल करता है. इसी तरह ऑस्ट्रेलिया भी खाड़ी के देशों पर तेल के लिए काफी ज्यादा निर्भर है लेकिन उसने भी फिलहाल वहां जहाज भेजने से इनकार किया है.

ट्रंप ने रविवार को फाइनेंशियल टाइम्स से कहा कि वह चीन से होरमुज का रास्ता खुलवाने की उम्मीद कर रहे हैं. ऐसा नहीं होने पर वह अपनी प्रस्तावित चीन यात्रा टाल सकते हैं. ट्रंप को इसी महीने के आखिर में चीन जाना है. चीन के विदेश मंत्रालय ने ट्रंप के इस बयान पर फिलहाल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है. ट्रंप ने नाटो से भी इस मामले में सहयोग मांगा है. उनका कहना है कि अगर नाटो के सदस्य अगर इस मामले में उनका सहयोग नहीं करते तो उसका भविष्य "बहुत बुरा" होगा.

ओडिशा के अस्पताल में आग लगने से 10 मरीजों की मौत

ओडिशा की राजधानी कटक में एससीबी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के ट्रॉमा केयर आईसीयू सेंटर में बीती रात को भीषण आग लग गई. इस हादसे में 10 मरीजों की मौत हो गई और अस्पताल के 11 कर्मचारी मरीजों को बचाने की कोशिश में आग से झुलस गए. समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, राज्य के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने बताया कि यह आग संभवत: शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी थी.

मुख्यमंत्री ने घटना की न्यायिक जांच के आदेश दिए हैं और मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष (सीएमआरएफ) से 25-25 लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की है. प्रधानमंत्री कार्यालय ने भी हादसे पर दुख जताया है और मृतकों के परिजनों के लिए दो-दो लाख रुपये और घायलों के लिए 50-50 हजार रुपये के मुआवजे की घोषणा की है.

मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने घटनास्थल का दौरा करने के बाद मीडियाकर्मियों से कहा कि मौजूदा वित्त वर्ष में अस्पताल में फायर सेफ्टी की स्थिति में सुधार लाने के लिए 420 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं. भारत के कई अस्पतालों में आग से बचाव के पर्याप्त इंतजाम नहीं होते हैं, जिसके चलते आपात स्थिति में मरीजों की जान पर बन आती है. ऐसी ही एक दुर्घटना में, झांसी में नवंबर, 2024 में एक अस्पताल में आग लगने के चलते 10 नवजात शिशुओं की मौत हो गई थी.

राज्यसभा की 11 सीटों के लिए वोटिंग जारी, 26 पर निर्विरोध जीते उम्मीदवार

भारतीय संसद के ऊपरी सदन राज्यसभा की 11 सीटों के लिए सोमवार, 16 मार्च को मतदान हो रहा है. इनमें पांच सीटें बिहार की, चार ओडिशा की और दो हरियाणा की हैं. न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, इनमें से चार सीटों के लिए एनडीए और विपक्षी गठबंधन के बीच मुख्य मुकाबला है. इन चुनावों में क्रॉस-वोटिंग की आशंका भी जताई जा रही है. वोटिंग पूरी होने के बाद शाम पांच बजे वोटों की गिनती होगी और परिणाम घोषित किए जाएंगे.

समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, 26 सीटों पर अलग अलग पार्टियों के उम्मीदवारों ने निर्विरोध जीत हासिल की है. इनमें बीजेपी ने सात, कांग्रेस ने पांच, टीएमसी ने चार और डीएमके ने तीन सीटें जीती हैं. इनके अलावा, शिवसेना (शिंदे), आरपीआई (ए), एनसीपी, एनसीपी (शरद पवार), एआईएडीएमके, पीएमके और यूपीपीएल ने एक-एक सीट जीती है. निर्विरोध जीतने वाले प्रमुख नामों में शरद पवार, अभिषेक मनु सिंघवी, तिरुची सिवा और विनोद तावड़े शामिल हैं.

फिलहाल 245 सदस्यों वाली राज्यसभा में एनडीए के 133 सांसद हैं. इनमें 103 सांसद अकेले बीजेपी के हैं और बाकी उसके सहयोगी दलों के हैं. वहीं, विपक्षी धड़े के पास 79 सांसद हैं, जिनमें 27 कांग्रेस के, 12 टीएमसी के, 10 डीएमके के और पांच आरजेडी के हैं.

(The above story first appeared on LatestLY on Mar 16, 2026 05:20 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).