ओमान में ड्रोन हमला, दो भारतीयों की मौत
उत्तरी ओमान में हुए एक ड्रोन हमले में दो भारतीय मारे गए हैं.
उत्तरी ओमान में हुए एक ड्रोन हमले में दो भारतीय मारे गए हैं. इस तरह, दो हफ्तों से जारी ईरान युद्ध की वजह से अब तक मरने वाले भारतीयों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है.ओमान की सरकारी समाचार एजेंसी ने बताया, "एक सुरक्षा सूत्र ने खबर दी है कि सोहर के विलायत इलाके में दो ड्रोन क्रैश हुए हैं. इनमें से एक ड्रोन अल अवही इंडस्ट्रियल जोन में गिरा, जिसकी वजह से दो विदेशी कामगार मारे गए और कई अन्य घायल हो गए." ओमान के सोहर इलाके में देश का दूसरा सबसे बड़ा पोर्ट है.
भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने भी शुक्रवार देर शाम दो भारतीयों कामगारों के मारे जाने की पुष्टि की. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "पश्चिमी एशिया में जारी संकट के बीच सोहर, ओमान में हमने आज दो भारतीय नागरिकों को खो दिया. कई अन्य भारतीय नागरिक घायल भी हुए हैं."
संकट में पिसते भारतीय
उन्होंने बताया कि ओमान में भारतीय मिशन स्थानीय अधिकारियों और इन कर्मचारियों की नियोक्ता कंपनी के संपर्क में है. भारतीय विदेश मंत्रालय में खाड़ी क्षेत्र के लिए अतिरिक्त सचिव असीम महाजन ने बताया कि इस हमले में दस भारतीय घायल भी हुए हैं जिनमें पांच लोगों का अभी अस्पताल में इलाज हो रहा है. उन्होंने बताया कि घायलों में किसी भी स्थिति गंभीर नहीं है.
इस संकट में अब तक कम से कम तीन भारतीयों की जान पहले ही जा चुकी है. एक व्यक्ति अमेरिकी स्वामित्व वाले तेल टैंकर 'सेफसी विष्णु' पर हुए हमले में मारा गया था. पत्रकारों के साथ बातचीत में महाजन ने कहा कि उसके अवशेषों को भारत लाने के लिए कोशिशें हो रही हैं. दो अन्य भारतीय भी इसी तरह के हमलों में मारे गए. मध्य पूर्व के देशों में बड़ी संख्या में भारतीयकाम करते हैं. लेकिन ईरान इलाके के उन सभी देशों को निशाना बना रहा है जहां अमेरिकी सैन्य ठिकाने मौजूद हैं और जो अमेरिका के सहयोगी हैं.
युद्ध के दो हफ्ते
इस संकट की शुरुआत 28 फरवरी को हुई जब अमेरिका और इस्राएल ने ईरान पर हमला किया. हमलों के पहले ही दिन ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली खमेनेई की मौत हो गई. ईरानी अधिकारियों का कहना है कि इस युद्ध की वजह से उनके यहां मरने वालों की संख्या 1230 तक जा पहुंची है.
दूसरी तरफ, अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप का कहना है कि ईरान एक डील चाहता है, "लेकिन ऐसी डील नहीं, जो मुझे मंजूर हो." उन्होंने कहा कि ईरान इस युद्ध को पूरी तरह हार गया है, भले ही वो इस्राएल समेत पूरे क्षेत्र में हमले कर रहा है. इस बीच, खबर है कि एक मिसाइल इराक की राजधानी बगदाद में अमेरिकी दूतावास के परिसर में गिरी है. समाचार एजेंसी एपी को मिले वीडियो में परिसर के भीतर धुआं उठता देखा गया है. बगदाद में अमेरिकी दूतावास ने अभी इस बारे में कुछ नहीं कहा है.
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 14, 2026 04:50 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

