देश की खबरें | किसान आंदोलन को लेकर नौ दिसंबर को राष्ट्रपति से मुलाकात करेंगे शरद पवार
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

मुंबई, छह दिसंबर केंद्र के नए कृषि कानूनों के विरोध में जारी किसान आंदोलन को लेकर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के प्रमुख शरद पवार नौ दिसंबर को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मुलाकात करेंगे। पार्टी ने रविवार को यह जानकारी दी।

राकांपा के प्रवक्ता महेश तापसे ने कहा कि पूर्व केंद्रीय कृषि मंत्री पवार किसानों के प्रदर्शन के मद्देनजर राष्ट्रपति को देश के हालात से अवगत कराएंगे।

यह भी पढ़े | पंजाब: सीएम अमरिंदर सिंह ने राज्य में कोरोना वैक्सीन उपलब्ध करने के लिए पीएम मोदी को लिखा पत्र : 6 दिसंबर 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

राकांपा सूत्रों ने कहा कि पवार माकपा नेता सीताराम येचुरी, भाकपा नेता डी राजा तथा द्रमुक सांसद टीआर बालू के साथ दिल्ली जाएंगे। वे बुधवार को पांच बजे कोविंद से मुलाकात करेंगे।

कृषि कानूनों के खिलाफ राष्ट्रीय राजधानी की सीमाओं पर डटे हजारों किसानों के प्रतिनिधियों ने आठ दिसंबर को भारत बंद का आह्वान किया है, जिसे कई विपक्षी दलों को समर्थन हासिल हो चुका है। रविवार को राकांपा ने भी बंद को अपना समर्थन दे दिया।

यह भी पढ़े | आंध्र प्रदेश के इलुरु शहर में 200 लोग रहस्यमय बीमारी की चपेट में, अस्पताल में भर्ती.

इससे पहले दिन में पवार ने केंद्र से कहा कि वह किसानों के प्रदर्शन को गंभीरता से ले क्योंकि यदि गतिरोध जारी रहता है तो आंदोलन केवल दिल्ली तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि देशभर से लोग कृषकों के साथ खड़े हो जाएंगे।

सितंबर में संसद के मानसून सत्र के दौरान कृषि विधेयकों को राज्यसभा में पेश किए जाने के दौरान राकांपा के सदस्य सदन छोड़कर चले गए थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)