एजेंसी न्यूज

Sensex Update: सेंसेक्स 191 अंक टूटा, निफ्टी 17,000 के स्तर पर बंद

शेयर बाजार में पिछले तीन दिन से जारी तेजी पर विराम लगा और बीएसई सेंसेक्स शुक्रवार को 191 अंक की गिरावट के साथ बंद हुआ. वैश्विक स्तर पर मिले-जुले रुख के बीच सूचकांक में मजबूत हिस्सेदारी रखने वाली एचडीएफसी लि.

Sensex Update: सेंसेक्स 191 अंक टूटा, निफ्टी 17,000 के स्तर पर बंद
शेयर बाजार (Photo Credits: PTI)

मुंबई, 24 दिसंबर : शेयर बाजार में पिछले तीन दिन से जारी तेजी पर विराम लगा और बीएसई सेंसेक्स शुक्रवार को 191 अंक की गिरावट के साथ बंद हुआ. वैश्विक स्तर पर मिले-जुले रुख के बीच सूचकांक में मजबूत हिस्सेदारी रखने वाली एचडीएफसी लि. एचडीएफसी बैंक, कोटक बैंक और एक्सिस बैंक में गिरावट से बाजार नीचे आया. उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में तीस शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 190.97 अंक यानी 0.33 प्रतिशत की गिरावट क साथ 57,124.31 अंक पर बंद हुआ. इसी प्रकार, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 68.85 अंक यानी 0.40 प्रतिशत टूटकर 17,003.75 अंक पर बंद हुआ.

सेंसेक्स के शेयरों में करीब तीन प्रतिशत की गिरावट के साथ सर्वाधिक नुकसान में एनटीपीसी रही. इसके अलावा, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एक्सिस बैंक, पावरग्रिड, कोटक बैंक, डा. रेड्डीज, बजाज फिनसर्व और एचडीएफसी में भी नुकसान में रहे. दूसरी तरफ, लाभ में रहने वाले शेयरों में एचसीएल टेक, टेक महिंद्रा, विप्रो और इन्फोसिस शामिल हैं. एलकेपी सिक्योरिटीज के शोध प्रमुख एस रंगनाथन ने कहा, ‘‘क्रिसमस से पहले कारोबार सीमित दायरे में रहा. स्पष्ट रूप से यह महीना आईटी क्षेत्र के लिए था. उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में यह क्षेत्र मजबूती से टिका रहा. विभिन्न क्षेत्रों में लागत आधारित मुद्रास्फीति के ग्राहकों पर पड़ने वाले प्रभाव को लेकर निवेशक चिंतित हैं.’’ यह भी पढ़ें : Sensex Update: शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 300 अंक से अधिक चढ़ा, निफ्टी 17,000 के पार

उन्होंने कहा कि निर्यात और कर संग्रह के बेहतर रहने के साथ उत्पादन आधारित प्रोत्साहन योजना का असर सकारात्मक रहा है. कई ऐसे क्षेत्र हैं, जहां अभी सुधार होना है. निवेशकों को दीर्घकालीन नजरिये से मौजूदा स्थिति में उस पर ध्यान रखने की जरूरत है. एशिया के अन्य बाजारों में हांगकांग का हैंगसेंग और दक्षिण कोरिया का कॉस्पी लाभ में रहे जबकि चीन का शंघाई कंपोजिट सूचकांक और जापान का निक्की नुकसान में रहे. यूरोप के प्रमुख बाजारों में भी दोपहर कारोबार में गिरावट का रुख था. इस बीच, अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.10 प्रतिशत टूटकर 76.52 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया.

(The above story first appeared on LatestLY on Dec 24, 2021 04:33 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).